अमेठी को स्मृति की सौगात, 250 करोड़ के सीमेन्ट प्लांट का रास्ता साफ

अमेठी. सांसद बनने के बाद स्मृति इरानी ने अमेठी को पहली बड़ी सौगात दी है। अमेठी में 250 करोड़ की लागत सीमेन्ट प्लांट लगाने का रास्ता अब साफ हो गया है। प्रशासन ने कनौडिया ग्रुप के प्रस्ताव को मंजूरी देते हुए जमीन की खोज पूरी कर ली है। बहुत जल्द ही निर्माण कार्य भी शुरू कर दिया जाएगा। फैक्ट्री के लगने से अमेठी के करीब 300 लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिलने की उम्मीद है।

दिसम्बर 2018 को लखनऊ में आयोजित इनवेस्टर्स समिट में कनौडिया ग्रुप ने 250 करोड़ की लागत से सीमेन्ट फैक्ट्री लगाने का प्रस्ताव दिया था। प्राथमिकता के तौर पर प्रयागराज का नाम दिया गया था। लेकिन छः महीने बीतने के बाद भी प्रयागराज प्रशासन कनौडिया ग्रुप को जमीन उपलब्ध नहीं करवा सका। जिसके बाद केन्द्रीय मंत्री और अमेठी सांसद स्मृति इरानी ने ग्रुप को सीमेन्ट फैक्ट्री लगाने का न्यौता दिया। 

इसके लिए प्रशासन से करीब 60 से 70 बीघे जमीन की खोज करने के लिए कहा गया। अमेठी प्रशासन ने दो स्थानों को चिह्नित किया है। कनौडिया ग्रुप इन दो स्थानों का निरीक्षण करेगा। जिसके बाद स्थान का चयन निश्चित हो जाएगा। डीएम राममनोहर मिश्रा ने बताया कि फैक्ट्री के लिए मानक के अनुरूप स्थानों का चयन किया गया है। कम्पनी के अधिकारियों के निरीक्षण के बाद स्थल का वास्तविक चयन हो सकेगा। चयन होने के बाद ही स्थान का खुलासा किया जाएगा।

Share:


Related Articles


Leave a Comment