एमपी में आंधी के साथ बारिश, तापमान में कमी आई

नीमच। मध्यप्रदेश के कई स्थानों पर आंधी के साथ बारिश हुई। इस तापमान में कमी आई। धार में बिजली गुल हो गई। धार जिलेभर में शुक्रवार शाम आंधी के साथ तेज बारिश हुई। शहर में आंधी से एसपीडीए मैदान में क्रिकेट मैच के लिए लगाया टेंट उखड़ गया और तरबूज से भरा हाथ ठेला पलट गया। कई पेड़ धराशाही हो गए। इन सबके बीच विद्युत व्यवस्था पूरी तरह से ठप हो गई। बगड़ी, पीथमपुर, दिग्ठान, उटावद सहित कई स्थानों पर तेज बारिश हुई।

नीमच में आंधी के साथ 15 मिनट तक जोरदार बारिश हुई। साथ ही लोगों को गर्मी से भी राहत मिली। शुक्रवार सुबह से भीषण गर्मी व उमस अधिक रही। शाम होते-होते मौसम का मिजाज बदला और आंधी-तूफान के साथ बारिश शुरू हो गई। लगभग 15 मिनट तक बारिश का क्रम चला। बादलों के कारण कुछ देर अंधेरा भी छा गया। जिला मुख्यालय के अतिरिक्त अन्य क्षेत्रों में भी बारिश की सूचना है।

श्योपुरकला में पारा 46.4, भोपाल, इंदौर में बौछारें पड़ीं

भोपाल। दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ते ही मप्र में मानसून पूर्व की गतिविधियों में तेजी आने लगी है। वातावरण में नमी बढ़ने से प्रदेश में कई स्थानों पर गरज-चमक की स्थिति बनने लगी है। इसी क्रम में शुक्रवार को भोपाल,इंदौर,बैतूल में बौछारें भी पड़ीं। उधर शुक्रवार को सबसे अधिक तापमान श्योपुरकला में 46.4 डिग्रीसे.तापमान दर्ज हुआ। शिवपुरी,ग्वालियर,उमरिया और दमोह में लू चली।

मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक शुक्रवार को श्योपुरकला 46.4,ग्वालियर में 45.4,शिवपुरी 45,दमोह 44.8,उमरिया 44.6,नौगांव,गुना 43.8,खजुराहो 43.6,राजगढ़,टीकमगढ़,खरगोन 43.5,होशंगाबाद 43.1,सागर,जबलपुर 42.8,भोपाल 42.7,रायसेन 42.2,उज्जैन 41.0, इंदौर 40.2,पचमढ़ी 37 डिग्रीसे. रिकार्ड किया गया। शुक्रवार को बैतूल में 25.0 मिमी. और इंदौर में 2.8 मिमी. पानी गिरा। राजधानी भोपाल में भी कुछ स्थानों पर दोपहर बाद तेज बौछारें पड़ीं।

Share:


Related Articles


Leave a Comment