MP Weather Forecast:भोपाल/सुनील बंशीवाल/खबर डिजिटल/ साइक्लोनिक सर्कुलेशन और वेस्टर्न डिस्टरबेंस का असर बुधवार और गुरूवार को भी मध्य प्रदेश में देखने को मिल सकता है। खास तौर पर जबलपुर, नर्मदापुरम, भोपाल और शहडोल संभागों में बादल छाने के साथ हल्की बूंदाबांदी होने की संभावना जताई गई है। वहीं 7 से 8 नवंबर से हवाओं का रूख बदलने से तापमान में गिरावट आने लगेगी और ठंड अपना असर दिखाई देगा। उत्तर भारत में बर्फबारी के बाद ठंडी हवाओं के चलते तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट दिखाई देगी, और 15 नवंबर के बाद ठंड का असर और तेज हो जाएगा।
इन जिलों में बूंदाबादी और यहां पर तेज धूप
बुधवार को जबलपुर, नर्मदापुरम और शहडोल संभागों के नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, रायसेन, जबलपुर, नरसिंहपुर, कटनी, उमरिया, शहडोल, अनूपपुर, डिंडोरी, मंडला, बालाघाट, सिवनी, छिंदवाड़ा और पांढुर्णा में बादल छाने और हल्की बूंदाबांदी की संभावना जताई गई है। भोपाल, इंदौर और उज्जैन में मौसम साफ और तेज धूप निकलने की संभावना है। 6 नवंबर को छिंदवाड़ा, सिवनी और बालाघाट जिलों में बूंदाबांदी हो सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार
एक ऊपरी हवा का चक्रवातीय परिसंचरण, उत्तरी हरियाणा और निकटवर्ती क्षेत्रों में माध्य समुद्र तल से 1.5 किमी की ऊंचाई पर सक्रिय है। एक पश्चिमी विक्षोभ, एक चक्रवातीय परिसंचरण के रूप में उत्तरी पाकिस्तान और निकटवर्ती क्षेत्रों में माध्य समुद्र तल से 3.1 किमी की ऊंचाई पर सक्रिय है एवं इसके साथ एक ट्रफ़ मध्य और ऊपरी क्षोभमंडलीय पश्चिमी हवाओं में माध्य समुद्र तल से 5.8 किमी की ऊंचाई पर 30°N अक्षांश के उत्तर में और 68°E देशांतर के साथ विस्तृत है। पश्चिमी विक्षोभ के आगे बढ़ने पर गुरुवार से रात के तापमान में गिरावट का सिलसिला शुरू होगा, जिसके चलते दो दिन में तीन से चार डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट देखने को मिल सकती है।


