भोपाल/परवेज खान/खबर डिजिटल/ आलमी तब्लीगी इज्तिमा की तैयारियां अब अंतिम चरण में हैं। इसी क्रम में बुधवार को भोपाल पुलिस कमिश्नर हरिनारायण चारी मिश्र ने ईंटखेड़ी स्थित इज्तिमा स्थल का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्था का विस्तृत निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पुलिस कमिश्नर ने इज्तिमा समिति के पदाधिकारियों से मुलाकात की और आयोजन से जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने समिति से कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा, भीड़ नियंत्रण और ट्रैफिक प्रबंधन के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह तत्पर है।
कमिश्नर ने किया निरीक्षण
कमिश्नर ने स्थल पर मुख्य प्रवेश और निकास मार्ग, पार्किंग क्षेत्र, का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि हर रूट पर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रहे, विशेषकर भीड़ वाले समय में किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो। उन्होंने कहा कि इज्तिमा में देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं, ऐसे में पुलिस का व्यवहार संयमित और मददगार होना चाहिए। सभी जवानों को ड्यूटी के दौरान चौकन्ना रहते हुए श्रद्धालुओं की हर संभव सहायता करनी होगी।
व्यवस्थाओं को लेकर चाक-चौबंद
निरीक्षण के दौरान डीसीपी देहात, एसीपी, थाना प्रभारी, ट्रैफिक पुलिस अधिकारी और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। पुलिस कमिश्नर ने मौके पर सुरक्षा रूट प्लान, पार्किंग व्यवस्था और ट्रैफिक डायवर्जन की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रशासन और समिति के बीच तालमेल बेहतर होना चाहिए ताकि आयोजन शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित तरीके से सम्पन्न हो।


