भोपाल/ परवेज खान/ खबर डिजिटल/ मध्य प्रदेश सरकार के मंत्री विश्वास सारंग ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी की प्रेसवार्ता पर तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि बिना तथ्य के विरोध करना कांग्रेस की पुरानी आदत है। सारंग ने स्पष्ट किया कि प्रदेश सरकार ने केंद्र से तय सीमा से कम ऋण लिया है और ऋण लेकर जनता के कल्याणकारी कार्य करना गलत नहीं है। उनके अनुसार अर्थशास्त्री भी मानते हैं कि विकास कार्यों के लिए लिया गया कर्ज सकारात्मक होता है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश में आर्थिक अनुशासन कायम है और केंद्रीय बजट 2047 के विकसित भारत की मजबूत नींव रखता है, जिसमें हर क्षेत्र के लिए प्रावधान किया गया है।
कांग्रेस में अनुशासनहीनता का आरोप
कांग्रेस प्रदेश कार्यकारिणी को लेकर भी सारंग ने निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपने करीबियों को पद देने की राजनीति करती है। उन्होंने चुनौती देते हुए कहा कि कांग्रेस अपनी पूरी कार्यकारिणी को एक साथ इकट्ठा करके दिखाए। उनके अनुसार पार्टी में अनुशासन का अभाव है।
भारत-अमेरिका डील पर भी तंज
भारत-अमेरिका ट्रेड डील को लेकर सारंग ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘राष्ट्र प्रथम’ की नीति पर चलते हुए देश का मान-सम्मान बढ़ाया है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता बिना जानकारी के बयान देते हैं और स्क्रिप्टेड राजनीति करते हैं।
जीआई टैग से बढ़ेंगे रोजगार के अवसर
प्रदेश के उत्पादों को जीआई टैग दिलाने की पहल पर सारंग ने कहा कि इससे मध्य प्रदेश के उत्पादों को नई पहचान मिलेगी और रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। उन्होंने इसे मुख्यमंत्री मोहन यादव के नेतृत्व में विकास और कल्याण की दिशा में अहम कदम बताया।


