भोपाल/ खबर डिजिटल/ मध्य प्रदेश की राजधानी के पिपलानी थाना क्षेत्र में एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला है। आनंद नगर इलाके में मंगलवार देर रात एक अनियंत्रित आयसर ट्रक ने बाइक सवार युवक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक की बुधवार सुबह अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
काम से लौटते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, 30 वर्षीय प्रवेश जाटव आनंद नगर स्थित एक टेंट हाउस में काम करता था। मंगलवार रात करीब 11:30 बजे जब वह अपना काम खत्म कर बाइक से घर लौट रहा था, तभी रायसेन रोड पर पीछे से आ रहे एक आयसर ट्रक ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि प्रवेश सड़क पर दूर जा गिरा और उसे सिर व शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। राहगीरों की मदद से उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन तमाम कोशिशों के बाद भी उसे बचाया नहीं जा सका।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
प्रवेश मूल रूप से रायसेन जिले के सुल्तानपुर का निवासी था और पिछले तीन वर्षों से आजीविका की तलाश में भोपाल में रह रहा था। वह अपने पीछे दो मासूम बच्चों (एक बेटा और एक बेटी) को छोड़ गया है। घर के इकलौते कमाऊ सदस्य की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना के बाद आरोपी चालक ट्रक सहित मौके से फरार हो गया है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।


