उज्जैन/कमलेश जाटवा/खबर डिजिटल/ सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो के आधार पर उज्जैन पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए थाना चिमनगंजमंडी क्षेत्र में खतरनाक और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने वाले चालक के विरुद्ध मामला दर्ज किया है। जानकारी के अनुसार इंस्टाग्राम आईडी पर काले रंग की Mahindra Thar का एक वीडियो वायरल हुआ था। वीडियो में वाहन चालक खाकचौक चौराहा, उज्जैन पर तेज रफ्तार से रांग साइड वाहन चलाते हुए और अत्यधिक तेज ध्वनि में साइलेंसर (छुटर) बजाते हुए नजर आ रहा था।
यातायात नियमों की अवहेलना
जांच के दौरान पाया गया कि वाहन में काले रंग की अवैध फिल्म लगी हुई थी और नंबर प्लेट भी नियमानुसार नहीं थी। इसके अलावा चालक सीट बेल्ट लगाए बिना वाहन चला रहा था, जो मोटर व्हीकल एक्ट के तहत दंडनीय अपराध है।पुलिस ने वाहन चालक की पहचान रोशन यादव, निवासी इंदौर गेट, जिला उज्जैन के रूप में की है। मामले में संबंधित धाराओं के तहत थाना चिमनगंजमंडी में अपराध पंजीबद्ध किया गया है। प्रकरण की विवेचना निरीक्षक गजेन्द्र पौरिया द्वारा की जा रही है।
उज्जैन पुलिस की चेतावनी
उज्जैन पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यातायात नियमों का पालन करें और सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल करने के लिए इस तरह के खतरनाक स्टंट से बचें। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।


