Jashpur Girl Students Viral Video : जशपुर जिले के पत्थलगांव स्थित एक छात्रावास का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में छात्रावास की छात्राओं से परिसर की सफाई और गोबर-पानी से लिपाई कराई जाती दिखाई दे रही है। बताया जा रहा है कि यह वीडियो प्री-मैट्रिक कन्या छात्रावास का है, जिसके सामने आने के बाद व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।
किताबों की जगह झाड़ू
वायरल वीडियो में छात्राओं के हाथों में किताबों की जगह झाड़ू दिखाई दे रही है और वे छात्रावास परिसर की सफाई करती नजर आ रही हैं। इस घटना को लेकर स्थानीय लोगों का कहना है कि छात्रावास में सफाईकर्मी, प्यून और चौकीदार जैसे कर्मचारी होने के बावजूद छात्राओं से इस तरह का काम कराना उचित नहीं है।
होगी वीडियो की जांच
मामले को लेकर प्रशासन की प्रतिक्रिया भी सामने आई है। एसडीएम ने बताया कि वायरल वीडियो की जांच के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं। जांच के लिए मंडल संयोजक को जिम्मेदारी सौंपी गई है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
लग रहे ये आरोप
हालांकि आरोप यह भी लगाए जा रहे हैं कि संबंधित अधिकारी अक्सर मुख्यालय में मौजूद नहीं रहते, जिससे कई मामलों की जांच और कार्रवाई में देरी होती है। ऐसे में यह भी सवाल उठ रहा है कि इस मामले की जांच कब पूरी होगी और रिपोर्ट कब वरिष्ठ अधिकारियों को सौंपी जाएगी।
वही छात्रावास में रहने वाली छात्राओं के सामने वार्षिक परीक्षाएं भी नजदीक हैं। ऐसे समय में पढ़ाई के बजाय उनसे काम के नाम पर सफाई और लिपाई का काम कराए जाने को लेकर अभिभावकों और स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी जा रही है।


