सौरभ श्रीवास्तव संवाददाता कटनी, –12 मार्च।मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के 14 मार्च को प्रस्तावित बरही प्रवास को लेकर प्रशासन और जनप्रतिनिधियों ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में गुरुवार को विजयराघवगढ़ विधायक संजय सतेंद्र पाठक और कलेक्टर आशीष तिवारी ने बरही पहुंचकर कार्यक्रम स्थल और अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान उन्होंने श्री विजयनाथ धाम मंदिर परिसर में आयोजित होने वाले कृषि महोत्सव कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लिया। मंचीय व्यवस्था, बैठक दीर्घा और कृषि एवं उससे जुड़े विभागों द्वारा लगाए जाने वाले प्रदर्शन स्टॉल की तैयारियों को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।इसके बाद विधायक और कलेक्टर ने शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बरही में बनाए गए हेलिपैड स्थल का निरीक्षण किया। साथ ही मुख्यमंत्री के स्वागत में प्रस्तावित आभार रैली और रोड शो के मार्ग का भी अवलोकन किया। कलेक्टर आशीष तिवारी ने मौके पर मौजूद एसडीओपी और टीआई को यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।दौरे के दौरान दोनों जनप्रतिनिधि बरही के बड़ा तालाब भी पहुंचे, जहां जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत किए जाने वाले तालाब सौंदर्यीकरण कार्य के शुभारंभ स्थल का निरीक्षण किया गया।प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार आभार रैली और रोड शो बड़ा तालाब से शुरू होकर सुभाष चौक, अमन बुक डिपो और कमानिया गेट होते हुए श्री विजयनाथ धाम मंदिर स्थित सभास्थल तक पहुंचेगा।निरीक्षण के दौरान संयुक्त कलेक्टर जितेंद्र पटेल, एसडीएम विजयराघवगढ़ विवेक गुप्ता, नगर परिषद बरही अध्यक्ष पियूष अग्रवाल, एसडीओपी विजयराघवगढ़, तहसीलदार बरही आदित्य द्विवेदी, तहसीलदार विजयराघवगढ़ मनीष शुक्ला, जनपद सीईओ बृतेश जैन, टीआई बरही अभिषेक चौबे सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
सीएम डॉ. मोहन यादव के बरही दौरे की तैयारी तेज, विधायक संजय पाठक और कलेक्टर ने लिया व्यवस्थाओं का जायजा
सम्बंधित ख़बरें


