MP Police Leave Cancelled : मध्यप्रदेश पुलिस ने एक आदेश जारी करते हुए पुलिस कर्मियों की छुट्टियां रद्द कर दी है। इंदौर शहर में आने वाले प्रमुख त्योहारों को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क मोड में आ गया है। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पुलिस कमिश्नर द्वारा चारों जोन के डीसीपी और सभी थाना प्रभारियों को दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
अधिकारियों को निर्देश
अधिकारियों को कहा गया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में संवेदनशील इलाकों पर विशेष नजर रखें और लगातार गश्त करते रहें। साथ ही, सूचना तंत्र को सक्रिय और मजबूत बनाए रखने पर भी जोर दिया गया है। बीट प्रभारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे क्षेत्र में भ्रमण करें और आम नागरिकों के साथ संवाद बनाए रखें।
पुलिसकर्मियों की छुट्टियां रद्द
इस बीच, मुख्यालय के निर्देश पर पुलिस विभाग ने कड़ा फैसला लेते हुए पुलिसकर्मियों की सभी छुट्टियां आगामी आदेश तक रद्द कर दी हैं। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।
इंदौर में 1500 जवान तैनात
सुरक्षा इंतजाम को और सुदृढ़ करने के लिए शहर में पहले से ही अतिरिक्त बल तैनात है। जानकारी के अनुसार, केंद्रीय सुरक्षा बल के रूप में सीआरपीएफ की एक कंपनी और क्यूआरएफ के साथ करीब 1500 अतिरिक्त जवान इंदौर में मौजूद हैं। यह बल होली से पहले ही उपलब्ध कराया गया था, जिसे आवश्यकता पड़ने पर विभिन्न क्षेत्रों में तैनात किया जा सकेगा। पुलिस प्रशासन ने यह कदम ईद, नवरात्र और रामनवमी त्योहारों को लेकर उठाया है।


