Advocate Anant Sanjar : मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के जिला न्यायालय परिसर में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक अधिवक्ता पर अचानक हमला कर दिया गया। जानकारी के अनुसार, भोपाल लोकसभा से पूर्व भाजपा सांसद आलोक संजर के बेटे और अधिवक्ता अनंत संजर पर एक पक्षकार के परिजन ने फैमिली कोर्ट के अंदर हमला कर दिया।
संजर के फटे कपड़े
बताया जा रहा है कि अनंत संजर पारिवारिक मामले की काउंसलिंग के सिलसिले में अदालत पहुंचे थे। इसी दौरान विवाद बढ़ गया और एक व्यक्ति ने उन पर हाथ उठा दिया। हमले में उन्हें चोटें आईं और उनके कपड़े भी फट गए। आरोप है कि घटना के दौरान जज के सामने भी धमकी भी दी।
मचा हंगामा, इकट्ठे हुए वकील
घटना के बाद कोर्ट परिसर में माहौल गरमा गया। बड़ी संख्या में अधिवक्ता फैमिली कोर्ट के बाहर एकत्र हो गए और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करने लगे। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने आरोपी को कोर्ट कक्ष के अंदर ही रोक लिया, ताकि गुस्साए वकीलों से उसे बचाया जा सके। मामले में एमपी नगर थाना में शिकायत दर्ज कराई गई है। पुलिस ने मौके पर अतिरिक्त बल तैनात कर स्थिति को नियंत्रण में लिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।


