सौरभ श्रीवास्तव संवाददाता कटनी
रुपये नहीं देने पर बदमाशों ने पीठ पर किए कई वार, घायल हालत में खुद अस्पताल पहुँचा व्यवसायी
कटनी — शहर के कुठला थाना क्षेत्र अंतर्गत इंद्रा नगर के पास सोमवार शाम एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां अज्ञात बदमाशों ने एक ट्रांसपोर्ट व्यवसायी पर चाकू से हमला कर दिया। घटना के पीछे लूट की कोशिश बताई जा रही है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, डीलक्स ट्रांसपोर्ट के संचालक दीपक द्विवेदी शाम करीब सवा 6 बजे अपने खेत से मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। इसी दौरान इंद्रा नगर के पास पहले से घात लगाए बदमाशों ने उन्हें रोक लिया और रुपयों की मांग करने लगे। जब उन्होंने पैसे देने से इनकार किया, तो बदमाशों ने पीछे से उन पर हमला कर दिया और पीठ पर चाकू से कई वार कर दिए।हमले में गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद दीपक द्विवेदी ने साहस दिखाते हुए खुद ही एमजीएम अस्पताल पहुंचकर उपचार कराया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।कुठला थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।इस घटना के बाद क्षेत्र के व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों में सुरक्षा को लेकर चिंता का माहौल है।


