खबर डिजिटल संवाददाता कटनी/तेवरी जिले में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। लमतरा ओवरब्रिज के भीषण बस-ट्रक हादसे की चीखें अभी लोगों के जेहन से मिट भी नहीं पाई थीं कि सोमवार को एक और दर्दनाक दुर्घटना ने पूरे जिले को झकझोर कर रख दिया। कटनी-जबलपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्लीमनाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम तेवरी के पास तेज रफ्तार पिकअप काल बनकर दौड़ी और बाइक सवार दो युवकों की जिंदगी कुछ ही सेकंड में खत्म हो गई।
जानकारी के अनुसार बिलहरी चौकी क्षेत्र के ग्राम घूघरा निवासी संतोष सेन और चंदू आदिवासी सोमवार दोपहर करीब 3:30 बजे मोटरसाइकिल क्रमांक MP-21-ZE-9048 से तेवरी की ओर जा रहे थे। जैसे ही उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग से तेवरी गांव की तरफ अपनी बाइक मोड़ी, तभी कटनी से जबलपुर की ओर तेज रफ्तार से आ रही पिकअप क्रमांक MP-28-G-9373 ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी भयावह थी कि दोनों युवक कई फीट दूर जाकर गिरे।
उनके सिर और शरीर में गंभीर चोटें आईं और उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों की भीड़ जमा हो गई और घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई।लगातार हो रहे सड़क हादसों ने एक बार फिर हाईवे पर बेलगाम रफ्तार और यातायात नियमों की अनदेखी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
आखिर कब तक तेज रफ्तार मासूम जिंदगियों को निगलती रहेगी? कब जागेगा जिम्मेदार तंत्र? और कब हाईवे पर मौत बनकर दौड़ने वाले लापरवाह चालकों पर सख्ती होगी?फिलहाल पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा कार्रवाई शुरू कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है तथा पिकअप चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। लेकिन इस हादसे ने दो परिवारों से उनके अपने छीन लिए और पूरे क्षेत्र को गहरे शोक में डुबो दिया।
कटनी से सौरभ श्रीवास्तव की रिपोर्ट
