महाराष्ट्र में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता को लेकर खाद्य एवं औषधि प्रशासन यानी FDA ने बड़ी कार्रवाई की है. मुंबई के मलाड वेस्ट में क्विक कॉमर्स कंपनी Blinkit के एक डार्क स्टोर में निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा से जुड़ी गंभीर खामियां सामने आने के बाद विभाग ने उसका फूड लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया. वहीं बुलढाणा जिले में Reliance Retail के एक स्टोर से खराब और कीड़े लगी काजू कतली के 54 बॉक्स जब्त किए गए हैं.
Blinkit स्टोर में मिली गंदगी और कई लापरवाहियां
FDA की टीम ने 7 अगस्त को मलाड वेस्ट के सर्वोदय भवन स्थित Blinkit स्टोर का निरीक्षण किया था. इस दौरान फल और सब्जियों के स्टोरेज एरिया में बड़ी संख्या में कॉकरोच पाए गए. अधिकारियों के अनुसार ऐसी स्थिति में खाद्य सामग्री दूषित होने का खतरा बढ़ जाता है.
स्टोर के कोल्ड रूम की सफाई व्यवस्था भी संतोषजनक नहीं मिली. वहां एक्सपायर्ड और छेड़छाड़ वाली पैकेजिंग के खाद्य उत्पाद रखे हुए थे. इसके अलावा सामान को व्यवस्थित तरीके से रखने के लिए जरूरी FIFO और FEFO नियमों का भी पालन नहीं किया जा रहा था.
जांच में कीड़े और चूहों की रोकथाम के पर्याप्त इंतजाम नहीं मिलने के साथ कचरा प्रबंधन और खाद्य सामग्री के रखरखाव में भी कमियां सामने आईं. फूड हैंडलर्स की मेडिकल या स्वास्थ्य संबंधी रिपोर्ट भी उपलब्ध नहीं थी. कर्मचारियों के व्यक्तिगत स्वच्छता नियमों और सुरक्षात्मक उपकरणों के इस्तेमाल में भी लापरवाही पाई गई.
इन गंभीर खामियों के आधार पर FDA ने खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम की धारा 32(3) के तहत स्टोर का फूड लाइसेंस सस्पेंड कर दिया. लाइसेंस बहाल होने तक वहां खाद्य पदार्थों की बिक्री, वितरण या अन्य खाद्य कारोबार नहीं किया जा सकेगा.
Reliance Retail से 54 बॉक्स काजू कतली जब्त
FDA की कार्रवाई बुलढाणा जिले तक भी पहुंची. यहां ARD Cinemall स्थित Reliance Retail आउटलेट के खिलाफ शिकायत मिलने के बाद खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने जांच की. 8 अगस्त को एक ग्राहक ने शिकायत की थी कि उसने आउटलेट से खरीदी गई ‘लक्ष्मी नारायण’ ब्रांड की काजू कतली में फफूंद और जीवित कीड़े पाए.
शिकायत के बाद FDA की टीम ने मौके पर पहुंचकर मिठाई की जांच की और उसके सैंपल लिए. कार्रवाई के दौरान काजू कतली के कुल 54 बॉक्स जब्त किए गए. इनका कुल वजन करीब 11.34 किलोग्राम बताया गया है.
लैब रिपोर्ट के बाद होगी अगली कार्रवाई
FDA ने जब्त मिठाई के नमूने जांच के लिए अधिकृत फूड लैब भेज दिए हैं. अब प्रयोगशाला की रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी.
महाराष्ट्र FDA की हालिया कार्रवाई से संकेत मिलता है कि विभाग खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता, स्टोरेज और सुरक्षा मानकों के उल्लंघन को लेकर सख्त रुख अपना रहा है. अधिकारियों का फोकस खाद्य कारोबारियों द्वारा नियमों के पालन और उपभोक्ताओं को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने पर है.
