इंदौर/सुनील बंशीवाल/खबर डिजिटल/ रक्षाबंधन पर्व के दौरान यात्री बसों में भीड़ बेतहाशा ढंग से बढ़ गई है। किराये में बढ़ोतरी के चलते लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई जगहों पर भोपाल, इंदौर से जाने के लिए बसों का किराया फ्लाइट के बराबर पहुंच चुका है। जिसके चलते लोगों को काफी आर्थिक हानि का सामना करना पड़ रहा है। इसी बीच परिवहन विभाग ने नियमों का उल्लंघन करने वाले बस संचालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है।
इंदौर में सख्त कार्रवाई
बसों में ओवरलोडिंग और ज्यादा किराया वसूलने की शिकायत पर विभागीय अमले ने रेडिसन चौराहा और स्टार चौराहा रोड क्षेत्र में बसों की जांच करते हुए ओवरलोडिंग, निर्धारित दर से अधिक किराया वसूली और अन्य अनियमितताओं पर कार्रवाई की। इस अभियान के दौरान विभिन्न बस संचालकों से कुल 1.24 लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया।
MP News: किसको मिलेगी एमपी बीजेपी मीडिया प्रभारी की कमान… आशीष अग्रवाल की पसंद को तवज्जो!
रक्षाबंधन पर बसों पर बढ़ा लोड
क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी प्रदीप शर्मा ने बताया कि रक्षाबंधन के कारण यात्रियों की संख्या में अचानक वृद्धि हुई है। इसे देखते हुए बस संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि वे निर्धारित सीट क्षमता से अधिक यात्रियों को न बैठाएं और तय किराए से ज्यादा राशि न वसूलें। इंदौर में जांच के दौरान बस क्रमांक बीआर-06 पीएच-1195 बिना वैध परमिट के संचालित होती मिली, जिसे मौके पर ही जब्त कर लिया गया। इसके अलावा एक अन्य बस बिना पंजीयन के सड़क पर चलती पाई गई, जिस पर भी कार्रवाई करते हुए उसे जब्त किया गया।
सुरक्षा उपकरणों की भी हुई जांच
परिवहन विभाग ने जांच अभियान के दौरान बसों में अग्निशमन यंत्र, प्राथमिक उपचार पेटी और अन्य अनिवार्य सुरक्षा संसाधनों की उपलब्धता भी परखी। रक्षाबंधन के साथ शनिवार और रविवार की छुट्टियों के चलते यात्रियों की आवाजाही बढ़ गई है। ऐसे में कई बसों में क्षमता से अधिक यात्रियों को बैठाने और खड़े होकर यात्रा कराने की शिकायतें सामने आई हैं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि अधिक किराया वसूलने और नियमों की अनदेखी करने वाले बस संचालकों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।
