कुत्ते के काटने के बाद एंटी रेबीज वैक्सीन लगवाना बेहद जरूरी होता है, लेकिन अक्सर लोग इसकी पूरी जानकारी न होने के कारण सभी डोज समय पर नहीं ले पाते. कई बार लोग बीच में खुराक छोड़ देते हैं या देर से वैक्सीन लगवाते हैं, जिससे स्थिति गंभीर हो सकती है. रेबीज एक ऐसी बीमारी है जो लगभग 100 प्रतिशत जानलेवा मानी जाती है, लेकिन अच्छी बात यह है कि समय पर सही इलाज से इसे पूरी तरह रोका जा सकता है.
कुत्ता काटने के बाद कब लगवाए वैक्सीन
नेशनल रेबीज कंट्रोल प्रोग्राम की गाइडलाइंस के अनुसार, कुत्ते के काटते ही जितनी जल्दी हो सके वैक्सीन लगवाना सबसे जरूरी कदम है. देरी करने से संक्रमण का खतरा बढ़ जाता है. वैक्सीन की शुरुआत उसी दिन से हो जानी चाहिए जिस दिन काटा गया हो. इससे बचाव की संभावना काफी बढ़ जाती है.सबसे पहला कदम घाव की सफाई है. कुत्ते के काटने के तुरंत बाद जख्म को साबुन और बहते पानी से कम से कम 15 मिनट तक धोना चाहिए. इसके बाद एंटीसेप्टिक लगाकर बिना समय गंवाए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र जाना चाहिए, ताकि वैक्सीन शुरू की जा सके.
कितनी होनी चाहिए वैक्सीन की डोज
जहां तक समय की बात है, विशेषज्ञ सलाह देते हैं कि 24 घंटे के अंदर वैक्सीन जरूर लगवा लेनी चाहिए. जितनी जल्दी टीका लगेगा, उतना बेहतर सुरक्षा मिलती है. वैक्सीन की डोज मरीज की स्थिति और घाव की गंभीरता के आधार पर तय होती है. आमतौर पर कुत्ते के काटने पर 4 से 5 डोज दी जाती हैं, जबकि हल्की खरोंच होने पर डॉक्टर कम डोज भी तय कर सकते हैं.
कैसे लें डोज
एंटी रेबीज वैक्सीन आमतौर पर बाजू में लगाई जाती है. इसे दो तरीकों से दिया जाता है, इंट्राडर्मल और इंट्रामस्कुलर. भारत में इंट्राडर्मल तरीका ज्यादा प्रचलित है क्योंकि यह किफायती और प्रभावी माना जाता है. इंट्राडर्मल पद्धति में वैक्सीन 0 दिन, तीसरे दिन, सातवें दिन और 28वें दिन दी जाती है. वहीं इंट्रामस्कुलर तरीके में एक अतिरिक्त डोज 14वें दिन भी शामिल होती है.डॉक्टरों के अनुसार अगर मरीज ने तय समय पर पूरी वैक्सीन ले ली है, तो उसे रेबीज होने का खतरा नहीं रहता. इसलिए जरूरी है कि पूरा कोर्स बिना किसी गैप के पूरा किया जाए. बीच में खुराक छोड़ने से बीमारी का खतरा बना रहता है. अगर किसी को जानकारी चाहिए तो रेबीज हेल्पलाइन 0120-6025400 पर संपर्क किया जा सकता है. ध्यान रखें कि थोड़ी सी लापरवाही भी गंभीर परिणाम दे सकती है. इसलिए कुत्ते के काटते ही तुरंत घाव की सफाई करें और बिना देरी वैक्सीन लगवाना शुरू करें.
यह भी पढ़ें-हर महीने 5000 तक पेंशन! जानिए Atal Pension Yojana की पूरी डिटेल, कौन और कैसे कर सकते हैं अपलाई
यह भी पढ़ें-MP में किसानों की बल्ले-बल्ले! भू-अर्जन संशोधन से यूं मिलेगा बंपर फायदा
यह भी पढ़ें-इस देश में टॉयलेट सीट की होती है पूजा, जानें हैरान कर देने वाली कहानी
यह भी पढें-New COVID Variant BA.3.2 Cicada: फिर कोरोना की एंट्री, जानें लक्षण और बचाव के तरीके
यह भी पढें-MP Pension Scheme: 55 लाख लोगों की बल्ले-बल्ले! सरकार ने ट्रांसफर किए करोड़ों रुपये, चेक करें अपना नाम


