छिंदवाड़ा/तौफीक मिस्कीनी/खबर डिजिटल/ शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में ऑनलाइन ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां समोसा बेचकर अपना जीवन यापन करने वाली एक महिला को डायमंड सेट के पार्सल का झांसा देकर ठगों ने दो लाख रुपये से अधिक की रकम ऐंठ ली।
अज्ञात व्यक्ति का आया फोन
पीड़ित महिला के मुताबिक उसे एक अज्ञात व्यक्ति का फोन आया। कॉल करने वाले ने खुद को अधिकारी बताते हुए कहा कि मुंबई एयरपोर्ट पर उसके नाम डायमंड सेट का पार्सल आया है। ठग ने महिला को विश्वास में लेते हुए कस्टम क्लियरेंस और अन्य शुल्क के नाम पर रकम जमा करने को कहा। जब महिला ने अनभिज्ञता जताई तो उसे जेल भेजने की धमकी दी गई।
दो लाख से ज्यादा राशि की ट्रांसफर
धमकियों से घबराई महिला ने किस्तों में ऑनलाइन ट्रांसफर करना शुरू कर दिया। उसने घर में रखी अपनी जमा पूंजी खर्च कर दी और यहां तक कि अपने जेवर गिरवी रखकर भी पैसे की व्यवस्था की। महिला ने फोन पे के माध्यम से कुल दो लाख रुपये से अधिक की राशि आरोपियों के बताए खातों में ट्रांसफर कर दी। इसके बावजूद ठग लगातार और पैसे की मांग करते रहे तथा महिला को मानसिक रूप से प्रताड़ित किया। ठगी का एहसास होने पर महिला ने कोतवाली थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने की जनता से अपील
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि कॉल डिटेल और बैंक ट्रांजेक्शन की जांच की जा रही है तथा जल्द आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जाएगा। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी अज्ञात कॉल, पार्सल या कस्टम शुल्क के नाम पर पैसे ट्रांसफर न करें। संदिग्ध कॉल आने पर तुरंत नजदीकी थाने या साइबर हेल्पलाइन पर संपर्क करें।


