सौरभ श्रीवास्तव संवाददाता कटनी– जिले के बहोरीबंद अनुभाग अंतर्गत ग्राम लखनवारा के नैगवां में शासकीय चरनोई भूमि पर अवैध कब्जे और पेड़-पौधों को नष्ट करने का मामला सामने आया है। जिला पंचायत कटनी से जारी पत्र के बाद प्रशासनिक अमले में हलचल मच गई है।प्राप्त जानकारी के अनुसार खसरा क्रमांक 372 एवं 373 की शासकीय चरनोई भूमि पर कथित रूप से रात के अंधेरे में जुताई कर कब्जा करने का प्रयास किया गया। आरोप है कि कब्जे के दौरान भूमि पर लगे नीम, आम, सागौन सहित अन्य पौधों को भी नुकसान पहुंचाया गया। ग्रामीणों द्वारा इस मामले की शिकायत ग्राम पंचायत को सौंपे जाने के बाद मामला जिला पंचायत तक पहुंचा।मामले को गंभीर मानते हुए जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी हरसिमरनप्रीत कौर ने तहसीलदार स्लीमनाबाद को स्थल निरीक्षण कर कब्जा हटाने तथा नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। पत्र की प्रतिलिपि कलेक्टर, एसडीएम बहोरीबंद और जनपद पंचायत को भी भेजी गई है।बड़ा सवाल यह है कि शासकीय चरनोई भूमि पर रातों-रात जुताई और कब्जे की कोशिश कैसे हुई? पेड़-पौधों की बर्बादी के बावजूद जिम्मेदार तंत्र पहले मौन क्यों रहा? क्या भूमाफियाओं के हौसले प्रशासनिक ढिलाई से बुलंद हैं?अब निगाहें प्रशासनिक कार्रवाई पर टिकी हैं कि अवैध कब्जाधारियों पर सख्त कदम उठते हैं या मामला सिर्फ पत्राचार तक सीमित रह जाएगा।
चरनोई भूमि पर भू-माफियाओं का कब्जा! रातों-रात जुताई कर उजाड़े पेड़-पौधे
सम्बंधित ख़बरें


