MP BJP New Team: मध्य प्रदेश में पंचायत और नगरीय निकाय चुनावों से एक साल पहले ही भाजपा पूरी तरह चुनावी मोड में आ गई है। संगठन को नई धार देने के लिए प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने संकेत दिए हैं कि मई के महीने में नई प्रदेश कार्यसमिति की घोषणा की जा सकती है। मंगलवार को हुई बैठक में राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश की मौजूदगी में आगामी रणनीतियों पर चर्चा की गई।
ओरछा में होगी पहली परीक्षा
भाजपा ने साफ कर दिया है कि कार्यसमिति के ऐलान के बाद ओरछा में पहली बड़ी बैठक आयोजित की जाएगी। स्थानीय नेताओं को ओरछा बैठक की व्यवस्थाओं के लिए निर्देश जारी कर दिए गए हैं। माना जा रहा है कि 2023 के विधानसभा चुनाव में हार का सामना करने वाले कुछ वरिष्ठ नेताओं को संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां देकर सक्रिय किया जा सकता है।
जामवाल की दोटूक चेतावनी
क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल ने संगठन में अनुशासन को लेकर कड़े तेवर दिखाए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया है कि हर जिले में आयोजित होने वाले प्रशिक्षण वर्गों में कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों का आना अनिवार्य है। जो पदाधिकारी इन वर्गों से दूरी बनाएंगे, उन्हें उनकी जिम्मेदारियों से मुक्त कर दिया जाएगा। यदि कोई सांसद या विधायक जिला स्तरीय प्रशिक्षण समिति की बैठक में शामिल नहीं होता है, तो इसे गंभीरता से लिया जाएगा।
1 मई से प्रशिक्षण शिविर
पार्टी की विचारधारा और नीतियों को जमीनी स्तर तक पहुंचाने के लिए 1 मई से 31 मई तक प्रदेश के सभी जिलों में प्रशिक्षण शिविरों का आयोजन होगा। इन शिविरों में कुल 11 कई विषयों पर चर्चा की जाएगी। हेमंत खंडेलवाल के अनुसार, ये वर्ग कार्यकर्ताओं को पार्टी की मूल नीतियों से अवगत कराने के लिए अनिवार्य हैं। अजय जामवाल ने जोर दिया कि मध्य प्रदेश का संगठन देशभर के लिए एक उदाहरण है, इसलिए इसे निरंतर सशक्त बनाए रखना जरूरी है।


