मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव 30 अप्रैल को भोपाल के रविंद्र भवन में आयोजित कृषि कर्मयोगी उन्मुखीकरण प्रशिक्षण एवं कार्यशाला में शामिल हुए. इस कार्यक्रम में उन्होंने मुख्यमंत्री किसान कल्याण डैशबोर्ड की शुरुआत की, पैक्स समितियों में सदस्यता बढ़ाने के लिए विशेष अभियान लॉन्च किया और किसानों की सुविधा के लिए टोल फ्री सीएम किसान हेल्पलाइन 155253 का शुभारंभ किया. उन्होंने हेल्पलाइन के माध्यम से सीधे जुड़कर कृषि से संबंधित जानकारी भी प्राप्त की.
16 विभाग मिलकर किसानों के हित में चल रहा काम
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने इस वर्ष को कृषक कल्याण वर्ष के रूप में लिया है और 16 विभाग मिलकर किसानों के हित में काम कर रहे हैं. उन्होंने बताया कि कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन, मत्स्य पालन और सहकारिता जैसे विभागों को एक साथ जोड़कर किसानों को बेहतर सेवाएं देने का प्रयास किया जा रहा है. उनका कहना था कि किसानों के लिए काम करते समय संवेदनशीलता और समर्पण का भाव बनाए रखना जरूरी है.
दूध उत्पादन के क्षेत्र में भी तेजी
मुख्यमंत्री ने कृषि क्षेत्र में हो रहे बदलावों का जिक्र करते हुए कहा कि प्रदेश में अब दूध उत्पादन के क्षेत्र में भी तेजी आई है. किसानों को पहले की तुलना में दूध के बेहतर दाम मिल रहे हैं, जिससे उनकी आय में सुधार हो रहा है. उन्होंने यह भी कहा कि नई तकनीकों के इस्तेमाल से खेती को और लाभकारी बनाया जा सकता है. इस कार्यशाला का उद्देश्य भी किसानों तक आधुनिक तकनीक और बेहतर प्रबंधन की जानकारी पहुंचाना है.
उन्होंने बताया कि पहले सिंचाई के साधनों की कमी के कारण खेती काफी हद तक बारिश पर निर्भर रहती थी, लेकिन अब नहरों और बिजली के माध्यम से सिंचाई सुविधाएं गांव-गांव तक पहुंच गई हैं. इसका असर यह है कि किसान अब साल में एक या दो नहीं, बल्कि तीसरी फसल भी लेने लगे हैं. सरकार ने दलहन फसलों को बढ़ावा देने के लिए उड़द पर समर्थन मूल्य के साथ बोनस देने की शुरुआत भी की है.
खेती की ओर आकर्षित करने की जरूरत
मुख्यमंत्री ने युवाओं को खेती की ओर आकर्षित करने की जरूरत पर जोर देते हुए कहा कि खेती को आधुनिक तकनीक से जोड़कर लाभ का मजबूत साधन बनाया जा सकता है. उन्होंने इजरायल जैसे देशों का उदाहरण देते हुए कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद वहां खेती को आधुनिक और लाभकारी बनाया गया है. कार्यक्रम में कृषि मंत्री ऐदल सिंह कंषाना ने भी कहा कि सरकार किसानों की खुशहाली के लिए लगातार काम कर रही है और पूरे प्रदेश में कृषि मेलों के माध्यम से जागरूकता बढ़ाई जा रही है. वहीं कृषि विभाग के सचिव निशांत बरवड़े ने बताया कि इस कार्यशाला में प्रदेश के सभी जिलों से कृषि से जुड़े विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी शामिल हुए हैं, जो मिलकर किसानों के हित में काम कर रहे हैं.
यह भी पढ़ें-हर महीने 5000 तक पेंशन! जानिए Atal Pension Yojana की पूरी डिटेल, कौन और कैसे कर सकते हैं अपलाई
यह भी पढ़ें-MP में किसानों की बल्ले-बल्ले! भू-अर्जन संशोधन से यूं मिलेगा बंपर फायदा
यह भी पढ़ें-इस देश में टॉयलेट सीट की होती है पूजा, जानें हैरान कर देने वाली कहानी
यह भी पढें-New COVID Variant BA.3.2 Cicada: फिर कोरोना की एंट्री, जानें लक्षण और बचाव के तरीके
यह भी पढें-MP Pension Scheme: 55 लाख लोगों की बल्ले-बल्ले! सरकार ने ट्रांसफर किए करोड़ों रुपये, चेक करें अपना नाम


