गुना/तेज सिंह यादव/खबर डिजिटल/ राघौगढ़ थाना क्षेत्र के सांडा कॉलोनी में चोरों ने बीती रात बड़ी वारदात को अंजाम देने का प्रयास किया। HDFC बैंक के एटीएम को निशाना बनाते हुए बदमाशों ने मशीन को पूरी तरह तहस-नहस कर दिया। चोरों ने एटीएम मशीन को रस्सी से बांधकर लोडिंग वाहन के सहारे उखाड़कर ले जाने की कोशिश की, लेकिन पुलिस की समय पर पहुंच के चलते उनका प्रयास नाकाम हो गया।
लोडिंग वाहन से खींचने का प्रयास
जानकारी के अनुसार, वारदात को अंजाम देने से पहले चोरों ने एटीएम के अंदर लगे सीसीटीवी कैमरों पर स्प्रे कर उन्हें निष्क्रिय किया, ताकि उनकी पहचान न हो सके। इसके बाद उन्होंने मशीन को तोड़फोड़ कर रस्सी का उपयोग करते हुए लोडिंग वाहन से खींचकर उखाड़ने का प्रयास किया।
रुपये नहीं निकाल पाए चोर
एटीएम में भारी नुकसान होने के बावजूद चोर चोरी की रकम नहीं निकाल पाए। घटना की सूचना मिलते ही राघौगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को देख चोर वाहन सहित मौके से भाग निकले और चोरी का प्रयास असफल रहा।
मामले की जांच जारी
फिलहाल पुलिस मामले की गहराई से जांच में जुटी हुई है। सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है और तकनीकी साक्ष्यों की बारीकी से जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है और पुलिस ने एटीएम व बैंक सुरक्षा को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है।


