रीवा/त्यौंथर/खबर डिजिटल/ अरविन्द तिवारी/ कूटरचित तरीके से दर्ज FIR के विरोध में कर्मचारी संघ एकजुट हो गया है। पटवारी के खिलाफ कार्रवाई और FIR निरस्त करने की मांग को लेकर कर्मचारियों ने त्यौंथर एसडीएम की अनुपस्थिति में नायब तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा।
मध्यप्रदेश तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ, तहसील शाखा त्यौंथर ने सिविल अस्पताल त्यौंथर में पदस्थ सुपरवाइजर मनोज कुमार मिश्रा के खिलाफ दर्ज एफआईआर का कड़ा विरोध किया है। संघ ने नायब तहसीलदार को ज्ञापन सौंपते हुए पूरे मामले को फर्जी और दुर्भावनापूर्ण बताया है।
ज्ञापन में बताया गया कि बीते दिनों मनोज कुमार मिश्रा अपने भूमि सीमांकन कार्य के सिलसिले में संबंधित पटवारी के साथ ग्राम भुजरा पहुंचे थे। इस दौरान सीमांकन प्रक्रिया के समय पटवारी द्वारा कथित रूप से अभद्र व्यवहार किया गया, जिसका विरोध करने पर विवाद की स्थिति बन गई।
इसके बाद पटवारी ने थाना जनेह में विभिन्न धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज करा दी, जिसे कर्मचारी संघ ने पूरी तरह निराधार और जानबूझकर की गई झूठी शिकायत बताया है।
वहीं, मध्यप्रदेश वरिष्ठ नागरिक पेंशनर्स एसोसिएशन रीवा के उपाध्यक्ष श्यामबिहारी तिवारी ने मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए, दर्ज एफआईआर को तत्काल निरस्त किया जाए और दोषी अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते न्याय नहीं मिला तो कर्मचारी संघ उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।


