MP School Holidays: मध्य प्रदेश में इस साल अप्रैल के महीने में ही जून जैसी तपिश महसूस की जा रही है। प्रदेश के कई हिस्सों में पारा 43 डिग्री सेल्सियस को पार कर चुका है। चिलचिलाती धूप और बढ़ते तापमान को देखते हुए प्रदेश सरकार और शिक्षा विभाग ने कक्षा नर्सरी से 8वीं तक के छात्रों के लिए 30 अप्रैल तक अवकाश घोषित कर दिया है।
16 जून को खुलेंगे स्कूल
शिक्षा विभाग द्वारा जारी आदेशों के अनुसार, जिन जिलों में 8वीं तक के स्कूलों को 30 अप्रैल तक बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं, वहां अब समर वेकेशन को भी आगे बढ़ा दिया गया है। अब बच्चों की गर्मियों की छुट्टियां 15 जून तक रहेंगी। अब स्कूल सीधे 16 जून को ही खुलेंगे। इस आदेश का मुख्य असर भोपाल, ग्वालियर, शिवपुरी और उज्जैन जैसे जिलों में देखने को मिलेगा जहां गर्मी का असर सबसे अधिक है।
9वीं से 12वीं के लिए क्या नियम?
छोटे बच्चों को जहां पूरी राहत दी गई है, वहीं माध्यमिक और उच्च माध्यमिक स्तर के विद्यार्थियों के लिए नियम थोड़े अलग हैं। इन कक्षाओं का संचालन फिलहाल जारी रहेगा, लेकिन समय में बदलाव किया गया है। ये स्कूल सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक ही संचालित होंगे। यह आदेश सरकारी स्कूलों के साथ-साथ निजी और सीबीएसई स्कूलों पर भी समान रूप से लागू होगा।
सेहत को प्राथमिकता
अप्रैल में ही लू चलने और रात के तापमान में भी बढ़ोतरी दर्ज होने के कारण जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने बच्चों की सेहत को लेकर चिंता जताई थी। डॉक्टरों का मानना है कि इस मौसम में बच्चों को हीट स्ट्रोक का खतरा अधिक होता है, जिसके चलते स्कूल बंद करने का यह फैसला लिया गया है।


