भोपाल/सुनील बंशीवाल/खबर डिजिटल/ राजधानी के अति व्यस्त रोशनपुरा चौराहे पर शुक्रवार की शाम दहशत फैल गई। एक शख्स ने दिनदहाड़े एक दुकानदार पर रिवॉल्वर से फायरिंग शुरु कर दी। आरोपी देर शाम एमपी ऑनलाइन की एक दुकान पर आया था, जोकि रुपये ट्रांसफर कराने आया था, इस दौरान रुपये मांगने पर गोली चला दी।
वाहन पर लिखा था ‘पुलिस’
प्रत्यक्षदर्शियों ने जानकारी दी है कि एक ‘पुलिस’ लिखा हुआ वाहन चौराहे पर रुका। उसमें से उतरे एक व्यक्ति ने एमपी ऑनलाइन संचालक से कथित तौर पर 30 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर करवा लिए। वहीं पैसे वापस मांगने पर फायरिंग शुरु कर दी। दुकानदार ने जब आरोपी से अपने पैसे वापस मांगे, तो उसने तैश में आकर रिवॉल्वर निकाल ली और फायरिंग शुरू कर दी। पहली गोली दुकानदार को छूकर निकल गई, जिससे उसकी जान बच गई। दूसरी गोली सड़क के पार सामने स्थित अक्षय ज्वेलर्स की दुकान के शीशे पर लगी, जिससे शीशे में छेद हो गया। वहींफायरिंग की आवाज से पूरे चौराहे पर अफरा-तफरी मच गई, और लोग दहशत में इधर-उधर भागने लगे।
मौके पर पुलिस बल तैनात
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंच गए। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का मुआयना किया और आस-पास के लोगों से पूछताछ की। पुलिस ने आरोपी की पहचान और उसे पकड़ने के लिए इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है।


