सागर/हर्षित पांडेय/खबर डिजिटल/ थाना सिविल लाइन अंतर्गत एक निजी होटल में दुष्कर्म की शिकार महिला ने सेना के रिटायर्ड जवान पर मामला दर्ज कराया है। सोमवार की दोपहर पीड़ित ने सिविल लाइन थाने में शिकायत की, जिसमें जानकारी के अनुसार छत्तीसगढ़ की रहने वाली 42 वर्षीय तलाक शुदा महिला की मित्रता शादी की एक वेबसाइट पर मकरोनिया निवासी सेना से रिटायर्ड जवान शंभू सुमन से हुई थी जो वर्तमान में दुकान चलाता है।
पीड़िता ने लगाया आरोप
पीड़िता ने आरोप लगाया है कि आरोपी शंभू ने उससे दोस्ती कर शादी का वादा किया था और जानकारी दी थी कि उसकी बीवी का देहांत हो चुका है और वो उससे शादी करेगा, लेकिन बीते दिनों पूर्व सागर के एक निजी होटल में छत्तीसगढ़ से पीड़ित महिला को बुला कर रुकवाने के बाद उसके साथ दुष्कर्म किया और बाद में शादी से इनकार कर दिया। शक होने के बाद महिला ने तत्काल थाना सिविल लाइन पहुंच कर आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज कराया है।
पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी
पुलिस ने मामला संज्ञान में लेते हुए जांच शुरू कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है, वहीं आरोपी के बैकग्राउंड का भी पता चलाया जा रहा है कि उसने पहले भी इस तरह की वारदात को अंजाम तो नहीं दिया।


