घंसौर(सिवनी)/मनोज नामदेव/खबर डिजिटल/ पहले तो बारिश ने किसानों को परेशान किया अब ठंड में अपनी फसल धान खरीदी केंद्र में तुलवाने के लिए किसान कतार पर खड़ा इंतजार कर रहा है। पिछले 12 घंटे से तुलाई केंद्र पर खड़ा रहने के बाद भी तुलाई नहीं होने पर किसान परेशान हो गए, उन्होंने मौके पर अधिकारी को बुला लिया। जहां उन्हें सुबह सबसे पहले उनकी खरीदी कराने का आश्वासन दिया।
सुबह 7 बजे से बजे शाम के सात
लखनादौन विधानसभा के घंसौर मुख्यालय में शाम 7 बजे किसानों ने जनप्रतिनिधि और एसडीएम को खरीदी केंद्र में बुलाया। किसानों का आरोप था कि खरीदी प्रभारी तुलाई नहीं करवा रहे और सुबह 7 बजे से किसान अपने-अपने वाहनों पर खेत की फसल धान लेकर रोड पर खड़े हैं, लगभग 40 से 50 किसानों ने खरीदी बंद होते ही अधिकारियों को फोन कर दिया।
एसडीएम ने दिया आश्वासन
एसडीएम ने कहा कि किसान परेशान ना हो धर्मकांटा में तुलाई बंद हो गई है, इस वजह से किसानों को परेशानी हुई है, सभी किसान जिनका रजिस्ट्रेशन हो चुका है, वह खरीदी केंद्र के अंदर वाहन खड़ा करें और सुबह खरीदी प्रभारी अपना कांटा लगाकर तुलाई करेंगे, किसानों को कोई समस्या नहीं होगी। वहीं किसानों और जनप्रतिनिधियों ने धर्मकांटा मालिक और खरीदी प्रभारी पर गंभीर आरोप लगाए।


