आलीराजपुर/ कुलदीप खराड़ीया/ खबर डिजिटल/ आगामी नगरपालिका चुनाव से पहले जिले की राजनीति में बड़ा भूचाल आ गया है। आदिवासी विकास परिषद के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं कांग्रेस नेता महेश पटेल ने भाजपा के कैबिनेट मंत्री नागर सिंह चौहान पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है, कि हार के डर से भाजपा मतदाता सूची में सुनियोजित हेरफेर कर रही है।
पर्यवेक्षक से की मुलाकात
महेश पटेल के नेतृत्व में कांग्रेस के प्रतिनिधि मंडल ने राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा नियुक्त पर्यवेक्षक से मुलाकात कर भाजपा द्वारा रचित मतदाता सूची में गड़बड़ी के ठोस प्रमाण सौंपे। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा मंत्री नागर सिंह चौहान, भाजपा जिलाध्यक्ष और अन्य नेताओं ने मिलकर फर्जी शिकायतों के माध्यम से 2,373 जीवित, स्थायी और पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटवाने की साजिश रची।
बूथ स्तर की जांच में खुलासा
महेश पटेल ने बताया कि स्थानीय कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा केवल कुछ बूथों की प्रारंभिक जांच में ही यह स्पष्ट हो गया कि जिन मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं, वे अपने-अपने वार्डों में निवासरत हैं और पूरी तरह मतदान के पात्र हैं। कांग्रेस प्रतिनिधि मंडल ने ऐसे प्रभावित मतदाताओं को स्वयं पर्यवेक्षक के समक्ष प्रस्तुत कर भाजपा की वोट चोरी के प्रत्यक्ष सबूत दिए।
‘यह प्रशासनिक गलती नहीं, संगठित अपराध है’
महेश पटेल ने कड़े शब्दों में कहा “यह कोई सामान्य प्रशासनिक त्रुटि नहीं है, बल्कि भाजपा द्वारा किया गया एक संगठित अपराध है। मंत्री नागर सिंह चौहान सत्ता के नशे में लोकतंत्र की हत्या कर रहे हैं। यह वोट चोरी, संविधान की लूट और आम जनता के अधिकारों पर सीधा हमला है।” उन्होंने स्पष्ट किया कि मतदाता सूची में नाम जोड़ने या हटाने का अधिकार केवल निर्वाचन आयोग को है, न कि किसी मंत्री या राजनीतिक दल को। ऐसा करना संविधान का खुला उल्लंघन और लोकतांत्रिक व्यवस्था के खिलाफ गंभीर अपराध है।
आंदोलन की चेतावनी
महेश पटेल ने चेतावनी देते हुए कहा कि “यदि एक भी वास्तविक मतदाता का नाम सूची से हटाया गया, तो आलीराजपुर की सड़कों से लेकर विधानसभा तक व्यापक आंदोलन किया जाएगा। भाजपा की इस साजिश को हर वार्ड, हर गली और हर मंच से बेनकाब किया जाएगा।”
ये रहे उपस्थित नेता
इस अवसर पर पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष ओमप्रकाश राठौर, नगरपालिका उपाध्यक्ष शाबिर बाबा, वरिष्ठ कांग्रेस नेता शाहनी मकरानी, चीतल पवार, पार्षद दिलीप पटेल रावत, अजहर चंदेरी, कृष्णा मावड़ा, दिलीप पटेल, तरुण मंडलोई, सोनू वर्मा, राजू बमानिया सहित बड़ी संख्या में प्रभावित मतदाता उपस्थित रहे।


