निवाड़ी /हेमन्त वर्मा/खबर डिजिटल/ निवाड़ी जिले के उरदौरा थाना टेहरका क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर गत्ते से भरे एक मिनी ट्रक में अचानक भीषण आग लग गई। आग लगने का कारण सिलेंडर का रिसाव बताया जा रहा है, वहीं इस घटना में गनीमत यह रही की कोई जनहानि नहीं हुई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
ट्रक में रखे सिलेंडर में हुआ रिसाव
बताया गया है कि गत्ते से भरा मिनी ट्रक हाईवे से गुजर रहा था। इसी दौरान ट्रक में रखे एक सिलेंडर से गैस का रिसाव शुरू हो गया, जिसने कुछ ही देर में आग का रूप ले लिया और देखते ही देखते पूरा ट्रक धू-धू कर जलने लगा, आग लगते ही चालक और क्लीनर ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत ट्रक से कूदकर अपनी जान बचाई और घटना की सूचना मिलते ही दमकल वाहन मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
तहसीलदार, थाना प्रभारी ने संभाला मोर्चा
घटना की गंभीरता को देखते हुए तहसीलदार संदीप शर्मा और टेहरका थाना प्रभारी भी मौके पर पहुंचे, और स्थिति को संभालकर यातायात को नियंत्रित किया, साथ ही राहत कार्यों की निगरानी की।


