सीधी/बृजेश पाण्डेय/खबर डिजिटल/ छत्रसाल स्टेडियम, सीधी में सार्वजनिक उपयोग की संरचना/चबूतरा को बिना किसी वैधानिक अनुमति के हटाए जाने का मामला जिले में चर्चा और विरोध का विषय बन गया है। इस कार्रवाई को नियमों के विरुद्ध बताते हुए नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (एनएसयूआई) ने नगर प्रशासन की भूमिका पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। संगठन ने पूरे प्रकरण में पारदर्शिता बरतने, जिम्मेदारी तय करने और दोषी अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
विक्रांत सिंह परिहार के नेतृत्व में प्रदर्शन
एनएसयूआई प्रदेश सचिव विक्रांत सिंह परिहार के नेतृत्व में खिलाड़ियों, युवाओं और सामाजिक प्रतिनिधियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को नगर पालिका परिषद कार्यालय पहुंचकर मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) मिनी अग्रवाल के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा गया कि छत्रसाल स्टेडियम खेल और युवाओं से जुड़ा महत्वपूर्ण सार्वजनिक स्थल है, जहां बिना वैधानिक प्रक्रिया अपनाए किसी भी संरचना को हटाना न केवल नियमों का उल्लंघन है, बल्कि खिलाड़ियों और आम नागरिकों के हितों पर भी सीधा प्रहार है।
कई विधा के जानकारों से जताया विरोध
ज्ञापन सौंपने के दौरान फुटबॉल, एथलेटिक्स सहित विभिन्न खेल विधाओं से जुड़े खिलाड़ी, सेना भर्ती की तैयारी कर रहे युवा और एनएसयूआई के बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। प्रतिनिधिमंडल में समाजसेवी दिग्विजय सिंह, अधिवक्ता अनिमेष शुक्ला, अभिमन्यु सिंह चौहान, मोहम्मद खालिद खान, अंकित सिंह सोमवंशी, आनंद सिंह परिहार, सुमित कुमार शर्मा, जगदीश, आकाश सिंह, सचिन बघेल, आदर्श सिंह चौहान, वरुण सिंह, गोलू गोस्वामी, आकाश साहू और डॉ. रमायण प्रसाद कुशवाहा सहित अन्य शामिल थे। नगर पालिका कार्यालय पहुंचने पर सीएमओ कार्यालय में मौजूद नहीं थीं, जिसके बाद एनएसयूआई कार्यकर्ता, खिलाड़ी और युवा शांतिपूर्ण और अनुशासित तरीके से कार्यालय परिसर में बैठकर प्रतीक्षा करते रहे। कुछ समय बाद सीएमओ मिनी अग्रवाल के पहुंचने पर प्रतिनिधिमंडल द्वारा उन्हें ज्ञापन सौंपा गया।
सभी अभिलेख सार्वजनिक करने की मांग
एनएसयूआई प्रदेश सचिव विक्रांत सिंह परिहार ने बताया कि ज्ञापन के माध्यम से स्टेडियम से जुड़े सभी आदेश, पंचनामा और अन्य अभिलेख सार्वजनिक करने की मांग की गई है। साथ ही भविष्य में 26 जनवरी जैसे राष्ट्रीय आयोजनों के लिए स्थायी और स्पष्ट व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा बिना अनुमति सार्वजनिक संरचना हटाने के लिए जिम्मेदार अधिकारियों पर विधिसम्मत कार्रवाई की मांग भी की गई है। उन्होंने कहा कि यदि मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया गया तो संगठन आगे आंदोलन करने को बाध्य होगा।
इनका कहना है
छत्रसाल स्टेडियम में रविवार को चबूतरे की तोड़फोड़ का मामला सामने आते ही पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पुलिस जांच के बाद स्पष्ट होगा कि किसने यह कृत्य किया और इसके पीछे क्या उद्देश्य था।
श्रीमती मिनी अग्रवाल, सीएमओ नगर पालिका, सीधी


