राजगढ़/धर्मराज सिंह/खबर डिजिटल/ जिले के नरसिंहगढ़ क्षेत्र स्थित कोटरा पहाड़ी के जंगलों में एक नहीं बल्कि कई तेंदुए नजर आने से इलाके में दहशत का माहौल है। तेंदुओं की मौजूदगी से ग्रामीण और किसान भयभीत हैं। किसानों को जहां अपनी जान का खतरा सता रहा है, वहीं खेतों में काम करने को लेकर भी भारी चिंता बनी हुई है।
तेंदुए की गतिविधि से दहशत
बताया जा रहा है कि चिड़िखो अभ्यारण के जंगलों से निकलकर तेंदुए कोटरा पहाड़ी के जंगलों से होते हुए किसानों के खेतों तक पहुंच गए हैं। ग्रामीणों ने तेंदुओं की गतिविधियों को अपने मोबाइल कैमरे में कैद किया है, जिसकी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।
आधिकारिक सूचना नहीं आई सामने
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कोटरा पहाड़ी पर तेंदुओं को आपस में लड़ते हुए भी देखा गया है, जिससे क्षेत्र में दहशत और बढ़ गई है। कोटरा पहाड़ी अभ्यारण क्षेत्र से सटी हुई है, बावजूद इसके वन विभाग की ओर से पहले किसी गतिविधि की आधिकारिक सूचना सामने नहीं आई थी।
मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम
इधर, जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी गई है। वन विभाग द्वारा ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है, वहीं तेंदुओं की आवाजाही पर नजर रखी जा रही है। राजगढ़ जिले के नरसिंहगढ़ क्षेत्र में चिड़िखो अभ्यारण से सटे इलाकों में हाल के दिनों में जंगली जानवरों की आवक लगातार बढ़ी है, जिससे ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है।


