छिंदवाड़ा/तौफीक मिस्कीनी/खबर डिजिटल/ छिंदवाड़ा जिले के परासिया क्षेत्र में जुआ पर की गई कार्रवाई को लेकर राजनीतिक माहौल गरमा गया है। एसपी एस्कॉर्ट की टीम द्वारा जुआरियों को पकड़े जाने के बाद कांग्रेस विधायक सोहन वाल्मीकि ने परासिया पुलिस पर सवाल खड़े किए हैं। जनसभा को संबोधित करते हुए विधायक ने कहा कि परासिया टीआई जुआ पकड़ने में विफल रहे, जबकि एसपी एस्कॉर्ट टीम ने कार्रवाई की—यह न सिर्फ टीआई के लिए शर्म की बात है, बल्कि वर्दी का अपमान भी है।
थाना प्रभारियों को दी नसीहत
विधायक वाल्मीकि ने परासिया सहित क्षेत्र के सभी थाना प्रभारियों को नसीहत देते हुए कहा कि वे चौकन्ने रहें, क्योंकि क्षेत्र में अवैध गतिविधियां लगातार चल रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस लंबे समय से अवैध कार्यों को लेकर सवाल उठा रही है और कार्रवाई की मांग कर रही है, लेकिन अब तक ठोस कदम नहीं उठाए गए। विधायक ने यह भी दावा किया कि भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा अवैध काम किए जा रहे हैं, जिन पर कार्रवाई नहीं हो रही।
‘5 और 50 प्रतिशत कमीशन’ ऑडियो बना सियासी मुद्दा
परासिया क्षेत्र के एक जनप्रतिनिधि से जुड़े ‘5 और 50 प्रतिशत कमीशन’ की बातचीत का एक ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है। कांग्रेस ने इसे बड़ा मुद्दा बनाते हुए अपनी रैली के दौरान माइक के माध्यम से ऑडियो प्रसारित किया, जिसे परासिया में लोगों ने सुना। कांग्रेस नेताओं ने अपने संबोधन में आरोप लगाया कि नगर पालिका अध्यक्ष की कथित करतूतों के कारण नगर पालिका और शहर की छवि धूमिल हो रही है। पार्टी ने नपा अध्यक्ष को हटाने की मांग करते हुए नगर पालिका कार्यालय का घेराव किया और कार्यालय के सामने भ्रष्टाचार का पुतला भी जलाया।
रैली और घेराव
गुरुवार को कांग्रेस ने परासिया नगर पालिका में भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए पेंच स्टाफ क्लब से रैली निकाली, जो नगर पालिका कार्यालय पहुंची। इस दौरान नपा अध्यक्ष और भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई।


