भोपाल/सुनील बंशीवाल/खबर डिजिटल/ मध्यप्रदेश बीजेपी की युवा विंग के प्रदेश अध्यक्ष श्याम टेलर की नवंबर के अंत में ताजपोशी हुई थी, काफी सारे दावेदारों को पछाड़कर उन्होंने यह पद पाया था, जबकि रेस में ABVP से आयातित नेता की नियुक्ति की बात अंदरखानों से निकलकर सामने आ रही थी, लेकिन ऐसा हुआ नहीं, अंत में श्याम टेलर ने बाजी मार ली। वहीं अब बीजेपी के युवा नेताओं को टेलर की कार्यकारिणी के गठन का इंतजार है। जिसके लिए वो पिछले एक महीने से आस लगाए बैठे कि शायद उनको प्रदेश स्तरीय युवा मोर्चा की टीम में जगह मिल जाए। इसके लिए वो अपने आकाओं के चक्कर भी लगा रहे हैं, साथ ही साथ श्याम टेलर का गर्मजोशी से स्वागत करने में भी जुटे हैं।
विंध्य और निमाड़ अंचल को देना होगी जगह
मध्यप्रदेश बीजेपी युवा मोर्चा के अध्यक्ष श्याम टेलर की नियुक्ति ने सबको चौंका दिया था, क्योंकि वो मालवा से आते हैं, और वैसे ही मालवा से मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री और कई सारे ताकतवर मंत्री हैं, और तो और उन्ही के जिले से मंत्री गौतम टेटवाल भी आते हैं, तो ऐसे में श्याम टेलर की नियुक्ति एक अचंभा ही था। लेकिन अब उन्हें अपनी कार्यकारिणी के गठन में सभी अंचलों को जगह देना होगी। खासतौर पर विंध्य और निमाड़ अंचल को, क्योंकि संगठन में इस इलाके के कम ही नेता हैं, तो माना जा रहा है कि शायद इसी कारण से श्याम टेलर की कार्यकारिणी में देरी रही है।
श्याम टेलर का अनुभव आएगा काम
श्याम टेलर वो युवा चेहरा बनकर उभरे हैं, जोकि सत्ता होने के समय एक दम से उभरकर सामने आए हैं। तो जानते हैं कि उनका राजनीतिक सफर कैसा रहा है। दरअसल भारतीय जनता युवा मोर्चा में यह पहला अवसर होगा कि महज 28 वर्ष की उम्र में ही किसी को प्रदेश अध्यक्ष की कमान सौंपी गई हो।शाजापुर के लालपुर में निवासरत साधारण से टेलर परिवार में 13 जनवरी 1996 में श्याम टेलर का जन्म हुआ था, उन्होंने शाजापुर के ही सरस्वती शिशु मंदिर में दसवीं तक पढ़ाई की, जिसके बाद शाजापुर के स्कूल ऑफ एक्सीलेंस में 12वीं तक शिक्षा ग्रहण की, वहीं ग्रेजुएशन शाजापुर के ही लीड कॉलेज बालकृष्ण शर्मा नवीन महाविद्यालय में पूरा हुआ, श्याम टेलर के स्वर्गीय पिता हेमंत टेलर एवं काका उमेश टेलर राम जन्मभूमि के दौरान विश्व हिंदू परिषद से जुड़े थे, श्याम टेलर के पिता स्वर्गीय हेमंत टेलर बजरंग दल के जिला संयोजक भी रहे हैं।
श्याम टेलर का अनुभव आएगा काम
श्याम टेलर की राजनीतिक शुरुआत सरस्वती शिशु मंदिर में कक्षा दसवीं हो गई थी, कक्षा दसवीं से ही श्याम टेलर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के सक्रिय कार्यकर्ता रहे, जिसके चलते एवीबीपी जिला संयोजक, एवीबीपी विभाग संयोजक, एवीबीपी प्रांत सह मंत्री, एबीवीपी के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य का दायित्व मिला। 3 साल श्याम टेलर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के सभी दायित्व से मुक्त होकर युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष बने और 22 नवंबर को प्रदेश भाजपा द्वारा उन्हें भारतीय जनता युवा मोर्चा का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया।
ABVP,पुराने युवा मोर्चा पदाधिकारी, नेता पुत्र भी कतार में
युवा मोर्चा के नई कार्यकारिणी के गठन के लिए श्याम टेलर को ABVP और पुरानी युवा मोर्चा की टीम का भी ध्यान रखना होगा, क्योंकि बीजेपी की युवा टीम में इसकी झलक हर बार देखी जाती है, हालांकि अबकी बार माना जा रहा है कि कुछ नेता पुत्रों को भी टेलर की कार्यकारिणी के जरिए लॉन्च किया जा सकता है, जिनको लेकर भी अंदरखानों से खबर निकलकर सामने आ रही है, उनके बारे में हम अगली बार बात करेंगे।


