दावोस/खबर डिजिटल। वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम (WEF) दावोस में मध्यप्रदेश के CM Mohan Yadav ने NVIDIA की ग्लोबल एआई इनिशिएटिव्स की उपाध्यक्ष कैलिस्टा रेडमंड के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में मध्यप्रदेश में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और उन्नत प्रौद्योगिकी आधारित पहलों के विस्तार, नवाचार को प्रोत्साहन देने और संभावित साझेदारी के विभिन्न आयामों पर सार्थक चर्चा हुई।
एआई आधारित विकास को मिलेगी नई दिशा
CM Mohan Yadav ने कहा कि AI आधारित नवाचारों से किसान और समाज के विभिन्न वर्ग सशक्त होंगे। राज्य सरकार की मंशा है कि एआई को विभिन्न शासकीय डाटाबेस से जोड़कर सेवा वितरण प्रणाली को अधिक दक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध बनाया जाए, ताकि योजनाओं का लाभ वास्तविक पात्र हितग्राहियों तक पहुँचे।
मुख्यमंत्री ने बताया कि मध्यप्रदेश ने भूमि, श्रम और लॉजिस्टिक्स जैसे अपने मजबूत पक्षों का रणनीतिक उपयोग करते हुए तकनीक आधारित विकास को गति दी है। शिक्षा के क्षेत्र में डिजिटल प्लेटफॉर्म और कृषि क्षेत्र में आधुनिक तकनीकों के माध्यम से किसानों को बेहतर जानकारी और निर्णय-सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।डिजिटल समाधान, डेटा-आधारित निर्णय प्रणाली और AI जैसी उभरती तकनीकों से शासन व्यवस्था को अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनाया जा रहा है।
NVIDIA संप्रभु (सॉवरेन) एआई के विकास के लिए पाँच प्रमुख रणनीतियों पर कर रही कार्य
इस अवसर पर NVIDIA की उपाध्यक्ष कैलिस्टा रेडमंड ने बताया कि कंपनी सॉवरेन AI के विकास के लिए पाँच प्रमुख रणनीतियों पर कार्य कर रही है, जिससे AI को देशों की आवश्यकताओं और प्राथमिकताओं के अनुरूप बनाया जा सके। उन्होंने कहा कि AI के माध्यम से कुशल मानव संसाधन को उद्योगों से जोड़कर रोजगार और नवाचार को बढ़ावा दिया जा सकता है।
बैठक में मध्यप्रदेश सरकार और NVIDIA ने AI और उन्नत प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में दीर्घकालिक सहयोग, साझेदारी के अवसरों की पहचान और पारस्परिक लाभ के आधार पर आगे बढ़ने पर सहमति व्यक्त की।


