भोपाल/ परवेज खान/ खबर डिजिटल/ राजधानी में केंद्रीय बजट को लेकर कांग्रेस का विरोध लगातार तेज होता जा रहा है। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने एक बार फिर केंद्र सरकार और भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि इस बजट में मध्यप्रदेश के लिए खाता खाली है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि ससुराल वाले बजट में मायके को भूल गए।
प्रदेश को मिला भेदभाव
सिंघार ने कहा कि भाजपा मध्यप्रदेश को अपना मायका बताती है, लेकिन बजट के बाद स्थिति उलट नजर आ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्रीय कर में कटौती कर प्रदेश के साथ अन्याय किया गया है। उन्होंने कहा प्रदेश ने केंद्र को 29 सांसद दिए, लेकिन बजट में न प्रदेश को महत्व मिला, न सांसदों की आवाज सुनी गई । उन्होंने यह भी जोड़ा कि जब बजट आवंटन की बात आती है तो “डबल इंजन” की सरकार “सिंगल इंजन” बन जाती है।
योजनाओं में कटौती का आरोप
नेता प्रतिपक्ष ने दावा किया कि एक बड़े व्यापारी के लिए सेमीकंडक्टर योजना लाई जा रही है, जबकि आदिवासी और दलित वर्ग से जुड़ी परियोजनाओं में धनराशि कम कर दी गई है। उन्होंने जल जीवन मिशन में कटौती का भी आरोप लगाया और कहा, घर-घर मोदी, घर-घर पानी की बात होती है, लेकिन न मोदी आ रहे हैं, न पानी।
सिंहस्थ और धार्मिक आयोजन पर सवाल
भाजपा पर धार्मिक मुद्दों को लेकर राजनीति करने का आरोप लगाते हुए सिंघार ने कहा कि कुंभ और हिंदू धर्म की बातें तो की जाती हैं, लेकिन सिंहस्थ के लिए बजट में कोई विशेष प्रावधान नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने सिंहस्थ के लिए 20 हजार करोड़ रुपये की मांग की थी, पर केंद्र से कुछ नहीं मिला।
एमपी बजट सत्र को लेकर कांग्रेस तैयार
केंद्रीय बजट पर भाजपा के जनसंपर्क अभियान को लेकर सिंघार ने कहा कि 365 दिन प्रचार करने से सच्चाई नहीं बदलती। उन्होंने स्पष्ट किया कि मध्यप्रदेश विधानसभा के बजट सत्र के लिए कांग्रेस विधायक दल पूरी तरह तैयार है और हर विभाग की कमजोरियों को सदन में मजबूती से उठाया जाएगा।


