शैलेश नामदेव/ डिंडोरी/ खबर डिजिटल/ सड़क यातायात अभियान के अंतर्गत जिला प्रशासन द्वारा मुख्य बस स्टैंड स्थित रानी अवंती बाई चौक पर दोपहिया वाहन चालकों को निशुल्क हेलमेट वितरित किए गए। कार्यक्रम में कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक की उपस्थिति में वाहन चालकों को हेलमेट पहनने और यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया गया।
दुर्घटनाओं में सिर की चोट सबसे बड़ा कारण
अधिकारियों ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं में अधिकतर मौतें सिर में गंभीर चोट लगने की वजह से होती हैं। हेलमेट पहनने से इन हादसों में जान बचाई जा सकती है। इस दौरान लोगों से अपील की गई कि वे शराब पीकर वाहन न चलाएं, तेज रफ्तार से बचें, ड्राइविंग करते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करें और सभी आवश्यक दस्तावेज साथ रखें।
जरूरतमंदों को प्राथमिकता
अभियान में नगर के समाजसेवी रमेश राजपाल ने भी सहयोग करते हुए गरीब एवं जरूरतमंद दोपहिया वाहन चालकों को मुफ्त हेलमेट प्रदान किए। हेलमेट विशेष रूप से उन लोगों को दिए गए जिनके वाहन पुराने हैं या जो आर्थिक रूप से हेलमेट खरीदने में सक्षम नहीं हैं।
दस्तावेज जांच में कई चालक लौटे
निशुल्क हेलमेट मिलने की सूचना पर बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंचे। लेकिन जब पुलिस अधीक्षक द्वारा वाहन के जरूरी कागजात और ड्राइविंग लाइसेंस की जांच शुरू की गई, तो कई वाहन चालक बिना हेलमेट लिए ही वहां से चले गए।
कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि अब बिना हेलमेट पेट्रोल पंप पर पेट्रोल नहीं दिया जाएगा। कार्यक्रम में एसडीएम भारती मेरावी, सूबेदार अभिनव राय सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


