मुरैना/ शुभम कुलश्रेष्ठ/ खबर डिजिटल/ जिले में कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाली एक और घटना सामने आई है। सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत नेशनल हाईवे-44 पर दिनदहाड़े एक यात्री बस पर एक दर्जन से अधिक नकाबपोश बदमाशों ने हमला कर दिया। घटना से यात्रियों में दहशत फैल गई और इलाके में हड़कंप मच गया।
घात लगाकर बस को घेरा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बदमाश पहले से घात लगाए बैठे थे। जैसे ही बस हाईवे से गुजर रही थी, हमलावरों ने उसे चारों तरफ से घेर लिया और लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ हमला शुरू कर दिया। हमले में बस के कई शीशे टूट गए और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
महिला और बच्ची समेत कई यात्री घायल
हमले के दौरान बस के अंदर बैठे यात्रियों की सांसें थम सी गईं। टूटे हुए कांच के टुकड़े लगने से एक महिला और एक बच्ची घायल हो गईं। इसके अलावा कई अन्य यात्रियों को भी चोटें आई हैं। बदमाशों ने ड्राइवर और कंडक्टर के साथ भी मारपीट की, जिसमें ड्राइवर गंभीर रूप से घायल बताया जा रहा है।
पुलिस पर उठे सवाल
चौंकाने वाली बात यह है कि बीते एक महीने में यात्री बस पर हमले की यह चौथी घटना है। लगातार हो रही वारदातों से यात्रियों में भय का माहौल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, लेकिन बार-बार हो रहे हमलों से सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।


