मुरैना/ शुभम कुलश्रेष्ठ/ खबर डिजिटल/ जिले के अंबाह थाना क्षेत्र में पैसे न लौटाने के विवाद के चलते एक दलित युवक के साथ अपमानजनक और अमानवीय व्यवहार का मामला सामने आया है। आरोपी ने युवक को मुर्गा बनाकर पीटा और उससे अश्लील हरकतें करवाई। घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
आरोपी और घटना का विवरण
एसपी समीर सौरभ के अनुसार आरोपी की पहचान पुई उर्फ धर्मेंद्र तोमर, निवासी रेतपुरा, अंबाह थाना क्षेत्र के पीछे के रूप में हुई है। वह आदतन अपराधी (हिस्ट्रीशीटर) है। आरोपी और उसके सहयोगियों ने कर्ज की रकम वापस न करने पर युवक को अपने घर बुलाया। वहां उसे मुर्गा बनाकर थप्पड़ मारने और अश्लील हरकतों के लिए मजबूर किया गया।
वीडियो में हुई प्रताड़ना
घटना की दो वीडियो क्लिप्स सामने आई हैं। पहली क्लिप में युवक को मुर्गा बनाकर अपने पीछे थप्पड़ मारने के लिए कहा गया। दूसरी क्लिप में युवक को अंबाह जनपद कार्यालय के पीछे ले जाकर उसके साथ अश्लील हरकतें करवाई गईं। ये वीडियो आरोपी के किसी साथी ने रिकॉर्ड किए थे।
पीड़ित परिवार का हाल
पीड़ित युवक पहले आरोपी की गली में किराए से रहता था। डर और तनाव के कारण वह अपने परिवार सहित दूसरी जगह रहने चला गया था। वीडियो सामने आने के बाद से पीड़ित का परिवार अब पूरी तरह लापता है।
पुलिस कार्रवाई
पुलिस ने आरोपी पुई उर्फ धर्मेंद्र तोमर के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।


