खबर डिजिटल कटनी— नगर निगम आयुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने मंगलवार शाम निर्माणाधीन नवीन चौपाटी का अधिकारियों के साथ स्थल निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि चौपाटी किसी भी शहर की पहचान होती है और इसका निर्माण बार-बार संभव नहीं होता, इसलिए इसे दीर्घकालिक दृष्टिकोण अपनाते हुए सुव्यवस्थित, सुविधायुक्त एवं नागरिकों की आवश्यकताओं के अनुरूप विकसित किया जाना चाहिए।निरीक्षण के दौरान निगमायुक्त ने चौपाटी की ड्राइंग-डिज़ाइन का अवलोकन करते हुए निर्माणाधीन संरचनाओं, रिक्त स्थलों, बैठक व्यवस्था एवं अन्य विकास कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि चौपाटी परिसर के भीतर पार्किंग न रखते हुए समीप किसी उपयुक्त स्थल पर पार्किंग की समुचित व्यवस्था की जाए।निगमायुक्त सुश्री परिहार ने कहा कि नवीन चौपाटी को इंदौर की छप्पन चौपाटी एवं जयपुर की चौपाटी की तर्ज पर सेक्शनवार सुव्यवस्थित, स्वच्छ एवं आकर्षक रूप में विकसित किया जाए। उन्होंने फूड स्टॉल्स की नियोजित व्यवस्था, बैठने की सुविधा, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, शौचालय, पार्किंग एवं सौंदर्यीकरण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।उन्होंने चौपाटी को पारिवारिक एवं सुरक्षित वातावरण में विकसित करने पर ज़ोर देते हुए कहा कि यह स्थल नागरिकों के लिए मनोरंजन और सामाजिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बने।निरीक्षण के दौरान कार्यपालन यंत्री असित खरे, सहायक यंत्री अनिल जायसवाल, उपयंत्री संजय मिश्रा सहित संविदाकार एवं निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। इसके साथ ही निगमायुक्त द्वारा दीनदयाल रसोई, रोटी कुटी एवं पूर्व स्थापित चौपाटी के रिक्त परिसर का निरीक्षण कर हाउसिंग बोर्ड द्वारा प्रस्तावित निर्माण कार्यों की जानकारी ली गई।जिला चिकित्सालय, मुड़वारा स्टेशन, फॉरेस्टर प्लेग्राउंड एवं चौपाटी आने वाले नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए क्षेत्र में मल्टी-लेवल पार्किंग हेतु उपयुक्त स्थल चयन के निर्देश भी अधिकारियों को दिए गए।
महानगरों की तर्ज पर विकसित होगी नवीन चौपाटी : निगमायुक्त परिहार
सम्बंधित ख़बरें


