रीवा/अरविन्द तिवारी/खबर डिजिटल/ राज निवास में आयोजित पत्रकार वार्ता में पूर्व मंत्री एवं सीडब्ल्यूसी सदस्य कमलेश्वर पटेल ने प्रस्तावित अमेरिका-भारत ट्रेड डील का कड़ा विरोध किया। उन्होंने कहा कि यह समझौता देश के किसानों और व्यापारियों के हितों के खिलाफ साबित हो सकता है।
कमलेश्वर पटेल का निशाना
कमलेश्वर पटेल ने आरोप लगाया कि प्रस्तावित डील के तहत भारत से अमेरिका जाने वाले उत्पादों पर ड्यूटी लगाई जाएगी, जबकि अमेरिका से भारत आने वाले उत्पादों को ड्यूटी फ्री रखा जाएगा। उन्होंने इसे असंतुलित करार देते हुए कहा कि इससे भारतीय बाजार पर विदेशी उत्पादों का दबाव बढ़ेगा।
किसानों की बात
कमलेश्वर पटेल ने कहा कि अनाज और अन्य कृषि उत्पादों के क्षेत्र में इस डील का सीधा असर किसानों पर पड़ेगा। साथ ही छोटे और मध्यम व्यापारियों के सामने भी कड़ी प्रतिस्पर्धा की स्थिति बन जाएगी, जिससे उनका कारोबार प्रभावित हो सकता है।
आर्थिक हितों से समझौते का आरोप
पटेल ने आरोप लगाया कि दीर्घकालीन लाभ के नाम पर देश के आर्थिक हितों से समझौता किया जा रहा है। उन्होंने केंद्र सरकार से इस प्रस्तावित समझौते पर पुनर्विचार करने और देशहित में पारदर्शी एवं संतुलित नीति अपनाने की मांग की।
