रीवा/अरविन्द तिवारी/खबर डिजिटल/ रीवा में पार्टी के दौरान पिस्टल चेक करना एक युवक को भारी पड़ गया। किराए के मकान में दोस्तों के साथ पार्टी के बाद पिस्टल चेक करते वक्त अचानक गोली चल गई, जो उसके साथी के पेट में जा लगी। बिछिया पुलिस ने मुख्य आरोपी प्रतीक पटेल उर्फ बादशाह को गिरफ्तार कर लिया है।
पार्टी के दौरान घटना
घटना कृष्ण नगर इलाके की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक आरोपी अपने दोस्तों के साथ पार्टी कर रहा था। इसी दौरान वह अवैध देशी पिस्टल चेक कर रहा था, तभी अचानक गोली चल गई और पास खड़े उसके साथी के पेट में जा लगी। घायल युवक को तुरंत इलाज के लिए संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना की सूचना मिलते ही बिछिया पुलिस हरकत में आई और प्रशिक्षु आईपीएस व थाना प्रभारी की टीम ने जांच शुरू की।
कुछ ही घंटों में पकड़ाया आरोपी
साइबर सेल और शहर में लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से पुलिस ने कुछ ही घंटों में आरोपी प्रतीक पटेल उर्फ बादशाह को दबोच लिया। पुलिस ने आरोपी के पास से घटना में इस्तेमाल अवैध देशी पिस्टल भी बरामद कर ली है। फिलहाल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।


