भोपाल/सुनील बंशीवाल/खबर डिजिटल/ मध्यप्रदेश में हवाला के जरिए रुपये के लेनदेन का अनोखे ढंग से खुलासा हुआ है, जिसमें 7 मार्च को हवाला के 55 लाख रुपये लूट लिए गए थे। इसमें पुलिस ने अब तक 12 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, और उनके पास से करीब 35 लाख रुपये नगद बरामद किए हैं। इसके साथ ही दो बाइक, एक एक्सेस स्कूटी, एक ऑटो और नौ मोबाइल भी जब्त किए गए हैं।
अकाउंटेंट ने रची थी साजिश
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक मामले में कुछ आरोपियों की गिरफ्तारी होना बाकी है, बाकी राशि अन्य आरोपियों के पास होने की बात निकलकर सामने आई है। पुलिस जल्द ही फरार आरोपियों को पकड़ने की बात भी कह रही है। पुलिस ने वारदात का खुलासा करते हुए बताया कि 7 मार्च को स्मार्ट सिटी रोड पर करीब 9:30 बजे दो बदमाशों ने वाहन रोककर चाकू की नोक पर बैग छीन लिया था। बैग में 55 लाख 50 हजार रुपए थे। यह रकम हवाला के जरिए ले जाई जा रही थी।
दिव्यांग बरोट की शिकायत पर कार्रवाई
भोपाल के चूनाभट्टी निवासी दिव्यांग बरोट ने 8 मार्च को इस मामले में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और आरोपियों की तलाश में जुट गई। पुलिस की 10 टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थीं, जिन्होंने 12 आरोपियों को गिरफ्तार कर 35 लाख रुपये के करीब कैश बरामद किया है। जानकारी के अनुसार, वारदात का मास्टरमाइंड गौरव चेतवानी नाम का आरोपी है जो कि अकाउंटेंट है और ऑनलाइन सट्टे में कर्ज में डूबने के कारण उसने वारदात की प्लानिंग की थी।
इन आरोपियों को किया गिरफ्तार
लूट की वारदात को अंजाम देने वाले 12 आरोपी पुलिस ने पकड़े हैं उनमें मास्टमाइंड गौरव चेतवानी के साथ ही हैदर उर रहमान, फाजिल उर्फ भूरा, अलफेज अली, मुज्जमिल, शान उर्फ डिसेंट, सोहेल उर्फ गुड्डा, अनवर शेख, अब्दुल नवेद, शानू उर्फ साजिल अहमद, सलमान समद और फैसल खान शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि सीसीटीवी नेटवर्क और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों को पकड़ा गया है, जिन्होंने महज तीन-चार दिन पहले ही वारदात की पूरी प्लानिंग तैयार की थी, उनसे अन्य घटनाओं के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
