सिवनी/ खबर डिजिटल/ विशाल भारद्वाज/ कन्हीवाड़ा (सिवनी) थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम चुटका से एक दुखद घटना सामने आई है। यहाँ के हिरी टोला तालाब में आज एक युवक का शव पानी में तैरता हुआ पाया गया। शव मिलने की सूचना मिलते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
ग्रामीणों ने दी पुलिस को सूचना
जानकारी के अनुसार, जब ग्रामीण सुबह तालाब की ओर गए, तो उन्होंने पानी में एक शव को उतराते हुए देखा। ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना कन्हीवाड़ा थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुँचा और ग्रामीणों की मदद से शव को पानी से बाहर निकलवाया।
मृतक की हुई पहचान
पुलिस द्वारा की गई शुरुआती जांच और शिनाख्त में मृतक की पहचान मंगल सिंह उईके के रूप में हुई है, जो चुटका गांव का ही निवासी बताया जा रहा है।
पुलिस की कार्रवाई
पुलिस ने घटनास्थल पर आवश्यक साक्ष्य जुटाने के बाद शव का पंचनामा तैयार किया। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। थाना पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस मर्ग कायम कर मामले की विस्तृत जांच में जुट गई है।


