Monday, November 2, 2026
Homeमध्यप्रदेशAir India Flight Cancelled: हवाई यात्रियों के लिए बुरी खबर, एअर इंडिया...

Air India Flight Cancelled: हवाई यात्रियों के लिए बुरी खबर, एअर इंडिया ने घटाईं फ्लाइट्स, इंदौर-दिल्ली यात्रियों पर पड़ेगा असर

ईंधन की लगातार बढ़ती कीमतों का असर अब हवाई यात्रा पर भी साफ दिखाई देने लगा है. परिचालन खर्च बढ़ने के कारण कई एयरलाइंस अपने उड़ान संचालन में बदलाव कर रही हैं. इसी क्रम में एअर इंडिया ने इंदौर और दिल्ली के बीच संचालित होने वाली कुछ उड़ानों को बंद करने का निर्णय लिया है. यह बदलाव 1 जून से लागू हो गया है, जिससे इस रूट पर यात्रा करने वाले यात्रियों को पहले की तुलना में कम विकल्प उपलब्ध होंगे.अब तक एअर इंडिया इंदौर से दिल्ली और दिल्ली से इंदौर के बीच प्रतिदिन चार-चार उड़ानों का संचालन कर रही थी. हालांकि नई व्यवस्था के तहत दोनों दिशाओं में दो-दो उड़ानें कम कर दी गई हैं. इसका मतलब है कि एयरलाइन की कुल चार उड़ानें बंद हो गई हैं और अब इस मार्ग पर केवल दो-दो उड़ानें ही संचालित होंगी.

यात्रियों को होगी परेशानी

उड़ानों की संख्या घटने का सीधा प्रभाव यात्रियों पर पड़ेगा. खासतौर पर उन लोगों को अधिक परेशानी हो सकती है जो नियमित रूप से दिल्ली की यात्रा करते हैं. सीमित सीटों के कारण टिकटों की मांग बढ़ सकती है, जिससे किराए में भी बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है. ऐसे में यात्रियों को पहले से यात्रा की योजना बनाकर टिकट बुक करना पड़ सकता है. एअर इंडिया ने उन यात्रियों के लिए भी व्यवस्था की है जिन्होंने पहले से इन बंद की गई उड़ानों में टिकट बुक कर रखे हैं. कंपनी ऐसे यात्रियों को दूसरी एयरलाइंस में समायोजित करने का प्रयास कर रही है. यदि ऐसा संभव नहीं हो पाता, तो उन्हें टिकट राशि वापस लेने का विकल्प भी दिया जा रहा है.

ईधन के दाम बढ़ने से ये फ्लाइट्स बंद

हालांकि उड़ानों में कटौती के बावजूद इंदौर और दिल्ली के बीच सीधी हवाई सेवाएं पूरी तरह प्रभावित नहीं होंगी. अन्य एयरलाइंस के संचालन को मिलाकर इस रूट पर अभी भी आठ सीधी उड़ानें उपलब्ध रहेंगी. यानी यात्रियों को आने और जाने के लिए कुल 16 उड़ानों का विकल्प मिलता रहेगा. दिल्ली लंबे समय से इंदौर से सबसे अधिक उड़ानों वाला गंतव्य रहा है, लेकिन अब स्थिति बदल गई है. जून से दिल्ली और मुंबई दोनों के लिए इंदौर से समान संख्या में उड़ानें उपलब्ध होंगी. इसके अलावा बेंगलुरु और अहमदाबाद जैसे शहरों के लिए भी नियमित हवाई सेवाएं जारी रहेंगी. बंद की गई उड़ानों में दिल्ली से इंदौर आने वाली एआई 1725 और एआई 2515 शामिल हैं, जबकि इंदौर से दिल्ली जाने वाली एआई 2591 और एआई 2516 का संचालन भी अब नहीं किया जाएगा.

सम्बंधित ख़बरें

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

लेटेस्ट