रीवा/खबर डिजिटल/अरविन्द तिवारी/ रीवा जिले के त्योंथर तहसील अंतर्गत बरेठी कला गांव के ग्रामीण इन दिनों राइस मिल से निकलने वाले धुएं और धूल से परेशान हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि मिल की चिमनी से लगातार निकल रहा धुआं और उड़ती धूल उनके स्वास्थ्य पर गंभीर असर डाल रही है। हालात यह हैं कि लोगों को शुद्ध हवा और साफ पानी तक नसीब नहीं हो पा रहा।
वहीं हाल ही में आई तेज आंधी के दौरान मिल की टीन चादरें उड़कर गांव में जा गिरीं, जिससे कई घरों और संपत्तियों को नुकसान पहुंचा। नाराज ग्रामीण चाकघाट थाने पहुंचे और कार्रवाई की मांग करते हुए शिकायत दर्ज कराई। ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे। हालांकि पूरे मामले में प्रशासन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
बरेठी कला गांव में संचालित राइस मिल ग्रामीणों के लिए परेशानी का सबब बन गई है। ग्रामीणों का आरोप है कि मिल से निकलने वाला धुआं और धूल पूरे गांव में फैल रही है, जिससे लोगों को सांस लेने में दिक्कत और अन्य स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि धूल के कारण घर, आंगन और पेयजल स्रोत तक प्रभावित हो रहे हैं। वहीं हाल ही में आई आंधी के दौरान मिल की टीन चादरें उड़कर गांव में जा गिरीं, जिससे कई लोगों को आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ा।
समस्या से परेशान ग्रामीणों ने चाकघाट थाने पहुंचकर शिकायत की और प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वे उग्र आंदोलन का रास्ता अपनाएंगे।
