सिवनी/ कान्हीवाडा/ खबर डिजिटल/ बन्देवार संतोष/ कान्हीवाड़ा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम ईदाबाड़ी के पास एक तेज रफ्तार बाइक ने कार को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसे उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना कान्हीवाड़ा थाना क्षेत्र के अंतर्गत ईदाबाड़ी गांव के पास की है। बताया जा रहा है कि एक तेज रफ्तार मोटरसाइकिल चालक ने लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए कार को सामने से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मोटरसाइकिल सवार युवक को गंभीर चोटें आई हैं।
घटना के तुरंत बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों द्वारा तत्काल इसकी सूचना 108 एम्बुलेंस को दी गई। मौके पर पहुंची 108 आपातकालीन सेवा की मदद से गंभीर रूप से घायल युवक को तत्काल सिवनी जिला चिकित्सालय ले जाया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका उपचार जारी है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
