राजगढ़/खबर डिजिटल/ धर्मराज सिंह/ जिले की होनहार छात्रा आशिता साहा ने कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट CUET-UG 2026 में 99.8 % स्कोर प्राप्त कर राजगढ़ जिले सहित पूरे प्रदेश का नाम रोशन किया है। राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतिष्ठित परीक्षा में शानदार सफलता हासिल कर आशिता ने अपनी प्रतिभा और मेहनत का परिचय दिया है।
स्वामी विवेकानंद विद्यालय की छात्रा आशिता साहा ने बिना किसी कोचिंग या ट्यूशन के यह उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने नियमित अध्ययन, अनुशासित दिनचर्या और आत्मविश्वास के बल पर यह सफलता प्राप्त की। इस वर्ष आयोजित सीयूईटी परीक्षा में देशभर से लगभग 16 लाख विद्यार्थियों ने भाग लिया था, ऐसे में 99.8 परसेंटाइल प्राप्त करना बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
आशिता ने बताया कि 12वीं बोर्ड परीक्षा समाप्त होने के बाद उन्होंने पूरी तरह सीयूईटी की तैयारी पर ध्यान केंद्रित किया। अप्रैल और मई माह में योजनाबद्ध अध्ययन के साथ ऑनलाइन मॉक टेस्ट देकर अपनी तैयारी को मजबूत किया। उन्होंने कहा कि मेहनत, निरंतर अभ्यास और आत्मविश्वास से किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।
विद्यालय के प्राचार्य एवं आशिता के पिता ए. साहा ने इस सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यार्थियों को सफलता के लिए महंगी कोचिंग पर निर्भर होने की आवश्यकता नहीं है। नियमित अध्ययन, आत्मनुशासन और विद्यालय के मार्गदर्शन से भी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं में उत्कृष्ट परिणाम प्राप्त किए जा सकते हैं।
उल्लेखनीय है कि आशिता इससे पहले कक्षा 12वीं बोर्ड परीक्षा में 98 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिले की मेधावी छात्राओं में अपना स्थान बना चुकी हैं। अब सीयूईटी-यूजी 2026 में 99.8 परसेंटाइल स्कोर हासिल कर उन्होंने अपनी शैक्षणिक उत्कृष्टता को एक बार फिर साबित कर दिया है।
आशिता की इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार, प्रबंधन समिति, अभिभावकों एवं क्षेत्रवासियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।
