इंदौर/खबर डिजिटल/नरेन्द्र महावर/ योग दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम के बाद इंदौर के प्रतिष्ठित शिशु कुंज स्कूल में बड़ी संख्या में छात्रों की तबीयत बिगड़ने का मामला सामने आया है। स्कूल में परोसे गए भोजन के खाने के बाद बच्चों में पेट दर्द, उल्टी, जी मिचलाना और अन्य स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के लक्षण दिखाई दिए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार 100 से अधिक छात्र प्रभावित हुए हैं।
स्कूल प्रबंधन द्वारा की थी भोजन व्यवस्था
शनिवार को आयोजित विशेष कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने योग गतिविधियों में हिस्सा लिया था। आयोजन के दौरान स्कूल प्रबंधन द्वारा छात्रों के लिए भोजन की व्यवस्था भी की गई थी। भोजन ग्रहण करने के कुछ समय बाद कई बच्चों ने असहजता महसूस की, जिसके बाद एक-एक कर बीमार छात्रों की संख्या बढ़ने लगी।
अभिभावकों में चिंता का माहौल
घटना की सूचना मिलते ही अभिभावकों में चिंता का माहौल बन गया। कई परिजनों ने स्कूल प्रशासन को ईमेल और अन्य माध्यमों से बच्चों की स्वास्थ्य संबंधी शिकायतों की जानकारी दी। शुरुआत में करीब 35 छात्रों के प्रभावित होने की बात सामने आई थी, लेकिन बाद में यह संख्या बढ़कर 100 से अधिक पहुंच गई।
बड़ी संख्या में अभिभावक स्कूल पहुंच
मामले की गंभीरता को देखते हुए बड़ी संख्या में अभिभावक स्कूल परिसर पहुंच गए। इस दौरान भोजन की गुणवत्ता और स्कूल की व्यवस्थाओं को लेकर सवाल भी उठाए गए।
जिला प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची
घटना की जानकारी मिलने पर जिला प्रशासन, शिक्षा विभाग और खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने स्कूल परिसर और मेस का निरीक्षण किया तथा भोजन के नमूने एकत्र कर प्रयोगशाला जांच के लिए भेज दिए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही बच्चों के बीमार होने के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
अलग-अलग अस्पतालों में चल रहा इलाज
वर्तमान में प्रभावित छात्रों का विभिन्न अस्पतालों और निजी क्लीनिकों में उपचार जारी है। चिकित्सकों की निगरानी में बच्चों की स्वास्थ्य स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और रिपोर्ट आने के बाद आवश्यक कार्रवाई किए जाने की बात कही है।
