Monday, November 2, 2026
Homeमध्यप्रदेशAadhaar Update: अब घर बैठे मुफ्त में अपडेट करें आधार कार्ड में...

Aadhaar Update: अब घर बैठे मुफ्त में अपडेट करें आधार कार्ड में ये चीज, UIDAI ने शुरू की नई सुविधा

आधार कार्ड धारकों के लिए बड़ी राहत की खबर है. अब ईमेल ID जोड़ने या अपडेट कराने के लिए आधार सेवा केंद्र जाने की जरूरत नहीं होगी. इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के अनुसार, भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) ने आधार ऐप के जरिए यह सुविधा शुरू कर दी है. इस नई व्यवस्था के तहत लोग अपने स्मार्टफोन से ही आधार में ईमेल ID जोड़ या अपडेट कर सकेंगे. सबसे खास बात यह है कि यह सेवा पूरी तरह मुफ्त होगी.

1 जुलाई से शुरू हुई नई सुविधा

UIDAI की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक यह सुविधा 1 जुलाई 2026 से लागू कर दी गई है और अगले छह महीने तक बिना किसी शुल्क के उपलब्ध रहेगी. इसका उद्देश्य लोगों के लिए आधार से जुड़ी सेवाओं को अधिक आसान और डिजिटल बनाना है. अब छोटी-छोटी अपडेट के लिए आधार केंद्रों के चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं होगी.

दो दिन में लाखों लोगों ने किया इस्तेमाल

नई सुविधा शुरू होने के बाद लोगों का अच्छा रिस्पॉन्स देखने को मिला है. UIDAI के अनुसार सेवा शुरू होने के शुरुआती दो दिनों के भीतर ही ढाई लाख से अधिक लोगों ने आधार ऐप के माध्यम से अपनी ईमेल ID अपडेट कर ली. इससे साफ है कि डिजिटल माध्यम से मिलने वाली इस सुविधा को लोगों ने तेजी से अपनाया है.

Android और iPhone दोनों पर उपलब्ध

नया आधार ऐप एंड्रॉयड और Apple iOS दोनों प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध है. जिन लोगों के फोन में पहले से आधार ऐप इंस्टॉल है, वे इसे अपडेट करके इस नए फीचर का लाभ ले सकते हैं. वहीं नए यूजर्स ऐप डाउनलोड करने के बाद सीधे इस सुविधा का उपयोग कर सकते हैं.

ईमेल लिंक होने से मिलेंगे तुरंत अलर्ट

आधार में ईमेल ID लिंक होने का सबसे बड़ा फायदा यह है कि हर बार आधार ऑथेंटिकेशन होने पर यूजर को तुरंत ईमेल के जरिए सूचना मिल जाएगी. इससे आधार के उपयोग पर नजर रखना आसान होगा और सुरक्षा भी मजबूत होगी. इसके अलावा आधार ऐप के जरिए मोबाइल नंबर अपडेट करना, पता बदलना और अन्य कई सेवाओं का लाभ भी घर बैठे लिया जा सकता है.

UIDAI के आंकड़ों के अनुसार अब तक 4 करोड़ से ज्यादा लोग आधार ऐप के जरिए अपना मोबाइल नंबर अपडेट कर चुके हैं. वहीं करीब 10 लाख यूजर्स इस प्लेटफॉर्म की मदद से अपना पता भी बदल चुके हैं.

UIDAI ने लोगों से की अपील

UIDAI ने सभी आधार धारकों से इस नई सुविधा का लाभ उठाने की अपील की है. प्राधिकरण का कहना है कि जिन लोगों की ईमेल ID अभी तक आधार से लिंक नहीं है या उसे अपडेट करने की जरूरत है, वे आधार ऐप डाउनलोड या अपडेट कर आसानी से यह प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं. इससे आधार से जुड़ी डिजिटल सेवाएं पहले की तुलना में अधिक सुरक्षित, सुविधाजनक और तेज हो जाएंगी.

सम्बंधित ख़बरें

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

लेटेस्ट