इंदौर/सुनील बंशीवाल/खबर डिजिटल/ शहर में होटल, ढाबों और लॉज की नियमित जांच के दौरान राऊ थाना पुलिस ने कैट रोड स्थित राजा भोज ढाबे पर कार्रवाई की। पुलिस के मुताबिक, ढाबे में बिना वैध लाइसेंस के शराब परोसी जा रही थी। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने संचालक और मैनेजर समेत पांच लोगों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस जांच में इस कार्रवाई के बाद एक अहम जानकारी भी सामने आई। पुलिस के अनुसार, मामले में आरोपी बनाए गए सचिन रघुवंशी और विपिन रघुवंशी, शिलांग हनीमून मर्डर केस में मारे गए राजा रघुवंशी के बड़े भाई हैं। दोनों भाई मृतक राजा के नाम पर ही इस ढाबे का संचालन कर रहे थे।
चेकिंग के दौरान सामने आया शराब परोसने का मामला
राऊ थाना पुलिस शुक्रवार रात इलाके के होटल, ढाबों और लॉज की नियमित जांच कर रही थी। इसी दौरान पुलिस टीम कैट रोड स्थित राजा भोज ढाबे पर पहुंची। यहां कुछ लोग टेबल पर बैठकर शराब का सेवन करते मिले। पुलिस ने ढाबे की जांच की तो सामने आया कि वहां ग्राहकों को शराब परोसने के लिए आवश्यक वैध लाइसेंस नहीं था। इसके बाद पुलिस ने मौके पर कार्रवाई करते हुए पांच लोगों को हिरासत में लिया और उनके खिलाफ प्रकरण दर्ज किया।
पुलिस ने दी जानकारी
राऊ क्षेत्र की एसीपी निधि सक्सेना के मुताबिक, मामले में सचिन रघुवंशी, विपिन रघुवंशी, शिव यादव, शुभम और विशाल के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है। जिसमें से दो आरोपी मृतक राजा रघुवंशी के भाई है। उन पर भी प्रकरण दर्ज कर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस को नहीं दी गई थी कर्मचारियों की जानकारी
जांच के दौरान पुलिस को ढाबे से जुड़ी एक और अनियमितता का पता चला। पुलिस के अनुसार, ढाबे में काम करने वाले कर्मचारियों की जानकारी नियमानुसार संबंधित थाने में उपलब्ध नहीं कराई गई थी। इस मामले में ढाबा संचालक विपिन रघुवंशी के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है। इसके अलावा पुलिस के निर्देशों का उल्लंघन करने के आरोप में धारा 223 बीएनएस के तहत भी प्रकरण दर्ज किया गया है।
राजा रघुवंशी के नाम पर संचालित हो रहा था ढाबा
पुलिस के मुताबिक, सचिन रघुवंशी और विपिन रघुवंशी मृतक राजा रघुवंशी के बड़े भाई हैं। दोनों ने राजा के नाम पर राजा भोज ढाबा शुरू किया था। यह ढाबा पिछले कुछ समय से कैट रोड क्षेत्र में संचालित हो रहा था। जिस पर पुलिस ने कार्रवाई को अंजाम दिया है। शिलांग में राजा रघुवंशी की हत्या का मामला सामने आने के बाद उनका परिवार पहले ही सुर्खियों में रहा है। अब इंदौर में ढाबे पर हुई पुलिस कार्रवाई के बाद उनके दोनों भाइयों के नाम एक बार फिर सामने आए हैं।
कोर्ट के आदेश पर दोनों भाई जेल भेजे गए
पुलिस ने कार्रवाई के बाद सचिन रघुवंशी और विपिन रघुवंशी को न्यायालय के समक्ष पेश किया। अदालत के आदेश के बाद दोनों को जेल भेज दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि राऊ क्षेत्र में होटल, ढाबों और लॉज की जांच आगे भी जारी रहेगी। बिना लाइसेंस शराब परोसने, नियमों का उल्लंघन करने या पुलिस के निर्देशों की अनदेखी करने वाले संचालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
MP Weather Update: मध्यप्रदेश में फिर एक्टिव हुआ मानसून… 3 दिन तेज बारिश का अलर्ट
