Monday, November 2, 2026
Homeमध्यप्रदेशMP Politics: राहुल गांधी के उज्जैन दौरे की तैयारी तेज, इन 7...

MP Politics: राहुल गांधी के उज्जैन दौरे की तैयारी तेज, इन 7 जिलों के कांग्रेस कार्यकर्ताओं से करेंगे संवाद, जानिए पूरा प्लान

मध्य प्रदेश में कांग्रेस ने संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की कवायद तेज कर दी है. इसी क्रम में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के सितंबर में उज्जैन दौरे का कार्यक्रम प्रस्तावित है. हालांकि अभी उनके दौरे की तारीख आधिकारिक रूप से तय नहीं हुई है, लेकिन स्थानीय कांग्रेस संगठन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं.

प्रस्तावित कार्यक्रम के दौरान राहुल गांधी उज्जैन संभाग के कांग्रेस पदाधिकारियों और बूथ स्तर तक संगठन से जुड़े कार्यकर्ताओं के साथ संवाद कर सकते हैं. बैठक में उज्जैन के अलावा रतलाम, देवास, शाजापुर, आगर मालवा, मंदसौर और नीमच जिले के कार्यकर्ताओं के शामिल होने की संभावना है.

संगठन की जमीनी स्थिति पर रहेगा फोकस

राहुल गांधी के दौरे का मुख्य उद्देश्य संगठन की मौजूदा स्थिति और बूथ स्तर पर पार्टी की सक्रियता की समीक्षा करना बताया जा रहा है. इस दौरान जिला अध्यक्षों, ब्लॉक अध्यक्षों, जिला और ब्लॉक कार्यकारिणी के सदस्यों के साथ मंडलम अध्यक्षों और उनकी टीम से बातचीत की जा सकती है.

इसके अलावा ग्राम पंचायत स्तर के अध्यक्षों, बीएलए-2 और संगठन सृजन अभियान के तहत जिम्मेदारी संभाल रहे कार्यकर्ताओं को भी कार्यक्रम में शामिल किए जाने की योजना है. राहुल गांधी कार्यकर्ताओं से सीधे फीडबैक लेकर स्थानीय स्तर की समस्याओं और संगठन की कमजोरियों को समझ सकते हैं.

कार्यक्रम के लिए दो स्थानों पर विचार

राहुल गांधी के कार्यक्रम के लिए उज्जैन में क्षीरसागर और कार्तिक मेला ग्राउंड को संभावित स्थल माना जा रहा है. प्रशासन से अनुमति मिलने के बाद कार्यक्रम की अंतिम जगह तय की जाएगी. जरूरत के अनुसार कार्यक्रम स्थल पर डोम और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं भी की जा सकती हैं.

उज्जैन जिला कांग्रेस अध्यक्ष महेश परमार और शहर कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश भाटी तैयारियों को लेकर संगठन स्तर पर सक्रिय हैं. हालांकि, दोनों नेताओं की ओर से अभी कार्यक्रम को लेकर विस्तृत आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की गई है.

पंचायत और मंडलम पदाधिकारियों से भी संवाद की तैयारी

प्रस्तावित कार्यक्रम में पंचायत कमेटियों के अध्यक्षों और मंडलम कमेटी के पदाधिकारियों के साथ विशेष चर्चा की योजना है. इस दौरान स्थानीय संगठन की सक्रियता, कार्यकर्ताओं की भूमिका और आने वाले समय में पार्टी के कार्यक्रमों को लेकर रणनीति पर बातचीत हो सकती है.

बताया जा रहा है कि उज्जैन के बाद रीवा संभाग में भी इसी तरह का कार्यक्रम प्रस्तावित है. हालांकि दोनों दौरों की तारीखों को लेकर अभी अंतिम फैसला नहीं हुआ है.

महाकाल दर्शन की भी संभावना

राहुल गांधी के उज्जैन आने पर श्री महाकालेश्वर मंदिर में दर्शन करने की संभावना भी जताई जा रही है. कांग्रेस कार्यकर्ताओं की ओर से भी उनके मंदिर दर्शन का कार्यक्रम प्रस्तावित बताया जा रहा है. हालांकि दर्शन का कार्यक्रम संगठन की बैठक से पहले होगा या बाद में, यह अभी तय नहीं है.

फिलहाल कांग्रेस कार्यकर्ताओं की नजर राहुल गांधी के उज्जैन दौरे की आधिकारिक तारीख और अंतिम कार्यक्रम पर टिकी हुई है

सम्बंधित ख़बरें

लेटेस्ट